प्रशासन और यूनियन के बीच कर्मचारी हितों व कार्य सुविधाओं पर गहन चर्चा
लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल कार्यालय के सभागार में नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन (NRMU) की 246वीं स्थाई वार्ता तंत्र की दो दिवसीय बैठक का आयोजन किया गया। बैठक का शुभारंभ मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा द्वारा किया गया। उन्होंने मंडल की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी यूनियन पदाधिकारियों को दी और कर्मचारी हित में उठाए जा रहे कदमों पर भी प्रकाश डाला।
बैठक के दौरान यूनियन पदाधिकारियों ने मंडल कर्मचारियों के कल्याण कार्यों को प्राथमिकता देने की मांग रखी। द्विपक्षीय वार्ता में कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर विस्तार से चर्चा हुई, जिनमें लखनऊ मंडल के रोड साइड स्टेशनों पर रेलवे हेल्थ यूनिट्स में मूलभूत सुविधाओं की कमी, समपारों (रेलवे क्रॉसिंग) पर पेयजल, शौचालय, बिजली और फर्नीचर की उपलब्धता, निष्प्रयोज्य घोषित रेल आवासों के आवंटियों को वैकल्पिक आवास उपलब्ध कराना, आदि शामिल रहे।

बैठक का संचालन वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती अरिमा भट्टनागर ने किया। इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक सुश्री नीलिमा सिंह एवं श्री शूरवीर सिंह चौहान, सभी विभागों के शाखाध्यक्ष, नॉर्दर्न रेलवे मेंस यूनियन के मंडल अध्यक्ष श्री विभूति मिश्रा, मंडल मंत्री श्री आर. के. पाण्डेय सहित यूनियन के अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे। रेल प्रशासन और यूनियन के बीच हुई यह बैठक कर्मचारी हितों और सरकारी कार्यप्रणाली को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम साबित होगी।
![]()












