लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारतीय रेलवे द्वारा ‘स्वच्छ उत्सव’ थीम के अंतर्गत 17 सितंबर से 02 अक्टूबर 2025 तक ‘स्वच्छता ही सेवा-2025’ पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इसी क्रम में लखनऊ मंडल में मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए।
आज ऐशबाग जं0, बस्ती, लखनऊ जं0, गोंडा, गोरखपुर जं0 और खलीलाबाद स्टेशनों एवं कॉलोनियों में ‘स्वच्छता पथ और वॉकथॉन’ का आयोजन किया गया। इस दौरान संविदा कर्मचारियों को प्रधानमंत्री जनधन योजना (वित्तीय समावेशन), प्रधानमंत्री आवास योजना (आवास), मनरेगा (ग्रामीण रोजगार), प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना (PMGKAY) (खाद्य सुरक्षा), प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन (सामाजिक सुरक्षा) और आयुष्मान भारत (स्वास्थ्य बीमा) जैसी महत्वपूर्ण सरकारी कल्याणकारी योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई।
इसी क्रम में आज ऐशबाग रेलवे पॉलीक्लिनिक में अपर मंडल चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी के नेतृत्व में लखनऊ जंक्शन और ऐशबाग जंक्शन के हाउसकीपिंग स्टाफ का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस शिविर में कुल 138 कर्मचारियों (101 पुरुष और 37 महिलाएं) का रक्तचाप, दांतों की जांच और सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। जांच के दौरान 14 कर्मचारियों में उच्च रक्तचाप पाया गया।

इस अवसर पर सभी कर्मचारियों को तंबाकू और नशा मुक्त जीवन जीने तथा स्वच्छता बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया। साथ ही ‘स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार अभियान’ के तहत एकल पुत्री वाले कर्मचारियों को केंद्र सरकार की ओर से दी जाने वाली कल्याणकारी योजनाओं और नारी स्वास्थ्य संबंधी चिकित्सीय जानकारी प्रदान की गई।

रेल प्रशासन का कहना है कि इस तरह के आयोजन न केवल कर्मचारियों में स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं, बल्कि सामाजिक सुरक्षा और सरकारी योजनाओं की पहुंच भी सुनिश्चित करते हैं।
![]()












