लखनऊ/एबीएन न्यूज। आरडीएसओ में ‘स्वच्छता पखवाड़ा’-2025 का शुभारंभ 01 अक्टूबर से किया गया, जो 15 अक्टूबर तक चलेगा। इस अवसर पर अपर महानिदेशक श्री डी. बी. सिंह ने प्रशासनिक भवन में उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में आरडीएसओ के वरिष्ठ अधिकारी, पर्यवेक्षक और कर्मचारी भी मौजूद रहे।
इसी क्रम में आरडीएसओ के सभी निदेशालयों और फील्ड इकाइयों में भी नियंत्रक अधिकारियों द्वारा कर्मचारियों को स्वच्छता शपथ दिलाई गई। जन-जन तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाने के उद्देश्य से आयोजित जागरूकता रैली को अपर महानिदेशक ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस रैली में मानक नगर रेलवे इंटर कॉलेज के एनसीसी कैडेट्स ने भी सक्रिय रूप से भाग लिया।

स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सफाई और स्वच्छता के महत्व के प्रचार-प्रसार के लिए आरडीएसओ में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अपर महानिदेशक ने इस अवसर पर सभी कर्मियों से अपने कार्यालय, आवास और परिसर में स्वच्छता बनाए रखने की अपील की और सभी को स्वच्छता के प्रति सजग रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
![]()











