लखनऊ/एबीएन न्यूज। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर आज दिनांक 02 अक्टूबर 2025 को उत्तर रेलवे के महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा ने वाराणसी स्टेशन पर गांधी जी के चित्र पर माल्यार्पण किया और उपस्थित रेलकर्मियों एवं अधिकारियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई।
इस अवसर पर उन्होंने सर्व सेवा संघ द्वारा आयोजित गांधी जी पर आधारित पुस्तक प्रदर्शनी का उद्घाटन किया और स्काउट एवं गाइड द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक का अवलोकन कर उनकी सराहना की। महाप्रबंधक श्री वर्मा ने कहा कि “गांधी जी के विचारों और आदर्शों से प्रेरणा लेकर हम सभी को स्वच्छता, अनुशासन और सेवा की भावना को आत्मसात करना चाहिए।”
इसी क्रम में लखनऊ स्टेशन पर आयोजित कार्यक्रम में अपर मंडल रेल प्रबंधक ने गांधी जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और रेलकर्मियों को स्वच्छता की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में श्रमदान, बायो टैंक की कार्यप्रणाली का प्रदर्शन, वेस्ट-ऑफ-आर्ट प्रदर्शनी, सफाई मित्र सुरक्षा शिविर का उद्घाटन, सफाई मित्रों को पीपीई किट का वितरण, नुक्कड़ नाटक तथा स्वच्छता प्रतियोगिताओं के विजेताओं को पुरस्कृत करने जैसी गतिविधियाँ शामिल रहीं।

महाप्रबंधक श्री अशोक कुमार वर्मा ने अपने संदेश में कहा कि रेलवे केवल परिवहन का माध्यम ही नहीं, बल्कि स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और सेवा की भावना को जन-जन तक पहुँचाने का एक सशक्त मंच है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को जीवन का अभिन्न अंग बनाकर इसे सतत जनांदोलन का रूप दें।
![]()











