सोनभद्र/एबीएन न्यूज। घोरावल विधायक डॉ. अनिल कुमार मौर्या और जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने आज जिला संयुक्त चिकित्सालय परिसर में नव-निर्मित वन स्टाफ सेंटर का फीता काटकर शुभारंभ किया। इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद, मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, ब्लॉक प्रमुख सदर श्री अजीत रावत, महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष श्रीमती पुष्पा सिंह, अपर जिलाधिकारी (वि./रा.) श्री वागीश कुमार शुक्ला, अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) श्री रोहित यादव, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) श्री रमेश चन्द्र, जिला प्रोबेशन अधिकारी श्री पुनीत टंडन, पीओ डूडा श्री सुधांशु शेखर शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
लोकार्पण के अवसर पर विधायक डॉ. अनिल मौर्या ने कहा कि वन स्टाफ सेंटर के बन जाने से जनपद की पीड़ित महिलाओं को न्याय की सुविधा एक ही स्थान पर उपलब्ध होगी। यहां महिला सुरक्षा से जुड़ी सभी सुविधाएं सुनिश्चित की जाएंगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा चलाए गए महिला सशक्तिकरण अभियान ने महिलाओं को आत्मनिर्भर और जागरूक बनाने की दिशा में नई ऊर्जा दी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति कर रहा है और महिलाएं आत्मनिर्भर बनने हेतु रोजगार और स्वरोजगार में अपनी सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

विधायक ने जिलाधिकारी के नेतृत्व में वन स्टाफ सेंटर का शीघ्र निर्माण पूरा कराने पर सराहना व्यक्त की। साथ ही, सेंटर पर पेयजल की सुविधा के लिए समरसेबल पंप लगाए जाने की घोषणा भी की। जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि सेंटर के माध्यम से पीड़ित महिलाओं को त्वरित न्याय उपलब्ध कराया जाएगा और यह उनके सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम होगा।

नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती रूबी प्रसाद ने कहा कि मिशन शक्ति और महिला सशक्तिकरण अभियान के तहत जनपद की महिलाओं को सशक्त बनाने के प्रयास निरंतर जारी हैं। अब महिलाओं को न्याय पाने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, क्योंकि यह सुविधा उन्हें वन स्टाफ सेंटर पर ही मिलेगी।

इस मौके पर एक लावारिस अवस्था में मिली नवजात शिशु बालिका का नामकरण भी किया गया। मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी ने उसका नाम कात्यायिनी रखा और उसके पालन-पोषण की जिम्मेदारी संबंधित विभाग को सौंपी। कार्यक्रम में बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ योजना के अंतर्गत सेंटर मैनेजर दीपिका सिंह, गायत्री दूबे, रोमी पाठक, केस वर्कर रेनू यादव समेत अन्य लोग उपस्थित रहे।
![]()












