सम्पूर्ण समाधान दिवस दुद्धी में 12 अधिकारी अनुपस्थित, जारी हुआ स्पष्टीकरण नोटिस
सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। शासन की मंशा के अनुरूप शनिवार को जिले की सभी चार तहसीलों में “सम्पूर्ण समाधान दिवस” का आयोजन किया गया। दुद्धी तहसील में आयोजित समाधान दिवस में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने शिकायतकर्ताओं की समस्याएँ सुनते हुए तत्काल निस्तारण के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि जो प्रकरण मौके पर जाकर हल किए जा सकते हैं, उनमें तुरंत संयुक्त टीम बनाकर कार्यवाही की जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिया कि निस्तारण के बाद शिकायतकर्ता से फीडबैक लेना अनिवार्य है, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि समस्या का वास्तविक समाधान हुआ है।
दुद्धी तहसील में कुल 33 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 02 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया। शेष 31 प्रकरणों को तय समय सीमा में निपटाने के निर्देश दिए गए।
समाधान दिवस में आयुष्मान कार्ड, पेंशन योजनाएँ, दिव्यांग प्रमाणपत्र, श्रम विभाग, होम्योपैथिक व आयुर्वेदिक चिकित्सा से संबंधित कैम्प भी लगाए गए।
इस दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने कैम्पों का निरीक्षण किया और विभागों को निर्देश दिया कि आगामी समाधान दिवस से पहले तहसील क्षेत्र में व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए ताकि अधिकाधिक नागरिक इन योजनाओं का लाभ ले सकें।
सम्पूर्ण समाधान दिवस में अनुपस्थित 12 अधिकारियों, जिनमें जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, परियोजना अधिकारी डूडा, सहायक निदेशक मत्स्य, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला उद्यान अधिकारी, नगर पंचायत अनपरा के अधिशासी अधिकारी, उपायुक्त उद्योग केंद्र, उप श्रमायुक्त पिपरी सहित अन्य अधिकारी शामिल हैं, को स्पष्टीकरण जारी किया गया।

🔹 राबर्ट्सगंज तहसील – तहसीलदार अमित कुमार की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में कुल 216 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें से 05 मामलों का मौके पर निस्तारण किया गया।
🔹 घोरावल तहसील – उप जिलाधिकारी आशीष कुमार त्रिपाठी की अध्यक्षता में 26 शिकायतें सुनी गईं, जिनमें से 05 मामलों का समाधान किया गया।
🔹 ओबरा तहसील – कुल 38 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 04 का निस्तारण तत्काल किया गया।
जिलाधिकारी बी.एन. सिंह ने कहा कि शासन की प्राथमिकता जनता की समस्याओं का त्वरित समाधान है। किसी भी स्तर पर लापरवाही या देरी को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
![]()











