लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे, लखनऊ मण्डल क्रीड़ा संघ के तत्वावधान में ऐशबाग रेलवे स्टेडियम पर आयोजित अन्तर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग 2026 (आईडीएल) के अंतर्गत खेले गए लीग मैचों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों को भरपूर रोमांच प्रदान किया। टूर्नामेंट के तहत आज दो मुकाबले खेले गए, जिनमें सिक्योरिटी हंटर और ऑपरेटिंग एवेंजर्स की टीमों ने जीत दर्ज की।
आज का पहला लीग मैच ट्रैक्शन टाइगर्स और सिक्योरिटी हंटर टीमों के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी सिक्योरिटी हंटर टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 202 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। टीम की ओर से अखिलेश यादव ने 74 रनों की शानदार और आक्रामक पारी खेली। उनके अलावा अमित सिंह ने 46 रन, राकेश पाण्डेय ने 22 रन तथा विनय ने 19 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। ट्रैक्शन टाइगर्स की गेंदबाजी में राजुलाल मीना, हरीनाम और अभिषेक ने 2-2 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी ट्रैक्शन टाइगर्स की टीम सिक्योरिटी हंटर के सधे हुए गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं सकी और मात्र 18.1 ओवरों में 111 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम की ओर से हरीनाम ने 22 रन, अभिषेक ने 14 रन तथा जगन्नाथ और ए.के. शर्मा ने 13-13 रनों का योगदान दिया। इस तरह सिक्योरिटी हंटर टीम ने ट्रैक्शन टाइगर्स को 91 रनों से पराजित कर एकतरफा जीत दर्ज की।
दिन का दूसरा मुकाबला ऑपरेटिंग एवेंजर्स और इलेक्ट्रिकल थंडरबोल्ट्स के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लेते हुए ऑपरेटिंग एवेंजर्स ने निर्धारित 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 170 रनों का प्रतिस्पर्धात्मक स्कोर बनाया। टीम की ओर से अब्बास ने 87 रनों की बेहतरीन पारी खेली, जबकि ओम प्रकाश ने 37 रनों का योगदान दिया। इलेक्ट्रिकल थंडरबोल्ट्स की ओर से उपवन, एजाज़ और दीपक ने 1-1 विकेट प्राप्त किया।
जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी इलेक्ट्रिकल थंडरबोल्ट्स की टीम 19.1 ओवरों में 158 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। टीम के लिए उपवन ने 29 रन, शाकिब ने 26 रन, फज़लू रहमान ने 25 रन, दीपक ने 20 रन तथा जितेन्द्र ने 15 रनों की पारी खेली। ऑपरेटिंग एवेंजर्स की ओर से गेंदबाजी में सिद्धांत सिंह और श्यामजी दुबे ने 3-3 विकेट लेकर विपक्षी टीम पर दबाव बनाए रखा, जबकि संदीप, अब्बास और शिवांस ने 1-1 विकेट हासिल किए। इस प्रकार ऑपरेटिंग एवेंजर्स ने इलेक्ट्रिकल थंडरबोल्ट्स को 12 रनों से हराकर मुकाबला अपने नाम किया।
अन्तर विभागीय टी-20 क्रिकेट लीग 2026 के इन मुकाबलों ने टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा और उत्साह को और बढ़ा दिया है, जिससे आगामी मैचों के प्रति खिलाड़ियों और दर्शकों दोनों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
![]()














