बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। एनसीएल की कृष्णशीला परियोजना में शनिवार देर रात हुए सड़क हादसे में एक टिप्पर चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह दुर्घटना रात लगभग 3:30 बजे खदान क्षेत्र में उस समय हुई, जब एक टिप्पर ने पीछे से खड़े दूसरे टिप्पर में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि चालक प्रेम कुमार (32 वर्ष), पुत्र भाई लाल केबिन में बुरी तरह फंस गया और घंटों तक वहीं फंसा रहा।
सूचना मिलते ही परियोजना प्रशासन में हड़कंप मच गया। सेफ्टी ऑफिसर अमरीश कुमार के नेतृत्व में तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया, जिसके बाद चालक को लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद सुबह सात बजे बाहर निकाला गया। घायल चालक को तत्काल बीना स्थित अटल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि चालक के दाहिने पैर में गंभीर चोट आई है और हड्डी टूटने की पुष्टि हुई है। प्राथमिक उपचार के बाद उसे नेहरू चिकित्सालय, जयंत रेफर कर दिया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
घटना के बाद परियोजना अधिकारी (पीओ), सेफ्टी ऑफिसर, एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और दुर्घटना के कारणों की जांच प्रारंभ कर दी गई। प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि दुर्घटना की वजह रात के समय तेज रोशनी से दृश्यता बाधित होना बताई जा रही है।
![]()












