लखनऊ/एबीएन न्यूज। कर्मचारियों के कल्याण और पारिवारिक सौहार्द को बढ़ावा देने के उद्देश्य से पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा ‘दीपावली उत्सव मेला’ का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 16 से 19 अक्टूबर, 2025 तक बादशाहनगर स्थित मनोरंजन संस्थान में आयोजित होगा।
मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्री राहुल यादव के नेतृत्व में आयोजित इस मेले में रेल कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए मनोरंजन और उत्सव का विशेष प्रबंध किया गया है। मेले में झूले, बच्चों के गेम्स, तथा दीपावली पर बिक्री हेतु सजावट का सामान, दीये, झालर, बर्तन, खिलौने आदि के स्टॉल लगाए गए हैं।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों के अंतर्गत गीत-संगीत, डांडिया नृत्य, नाटक और अन्य प्रस्तुतियाँ रेलवे कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों द्वारा दी जाएंगी। यह आयोजन न केवल दीपावली पर्व की खुशियों को साझा करने का अवसर प्रदान करेगा, बल्कि कर्मचारियों के बीच आपसी संवाद और सामंजस्य को भी मजबूत करेगा।
![]()












