गोरखपुर/लखनऊ/एबीएन न्यूज। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी 8 नवम्बर को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे, जहां वे सुबह लगभग 8:15 बजे चार नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। यह कदम देश में आधुनिक, तीव्र और आरामदायक रेल यात्रा की दिशा में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि साबित होगा।
नई वंदे भारत ट्रेनें बनारस–खजुराहो, लखनऊ–सहारनपुर, फिरोजपुर–दिल्ली और एर्नाकुलम–बेंगलुरु मार्गों पर चलेंगी। इनसे न केवल यात्रियों को समय की बचत होगी, बल्कि क्षेत्रीय गतिशीलता, पर्यटन और व्यापार को भी नया आयाम मिलेगा।
बनारस–खजुराहो वंदे भारत एक्सप्रेस बनारस, प्रयागराज, चित्रकूट और खजुराहो जैसे धार्मिक व सांस्कृतिक स्थलों को जोड़ेगी। यह ट्रेन मौजूदा सेवाओं की तुलना में लगभग 2 घंटे 40 मिनट का समय बचाएगी, जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल खजुराहो तक सुगम व तेज़ यात्रा का लाभ मिलेगा।
लखनऊ–सहारनपुर वंदे भारत एक्सप्रेस मात्र 7 घंटे 45 मिनट में यात्रा पूरी करेगी, जिससे लगभग 1 घंटे की समय बचत होगी। यह सेवा लखनऊ, सीतापुर, बरेली, मुरादाबाद, बिजनौर, सहारनपुर और हरिद्वार के यात्रियों के लिए सुविधाजनक कनेक्टिविटी सुनिश्चित करेगी, साथ ही पश्चिमी और मध्य उत्तर प्रदेश के बीच विकास की गति तेज करेगी।
फिरोजपुर–दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस इस रूट की सबसे तेज़ ट्रेन होगी, जो 6 घंटे 40 मिनट में यात्रा पूरी करेगी। इससे दिल्ली और पंजाब के प्रमुख शहरों—फिरोजपुर, बठिंडा और पटियाला—के बीच आवागमन सुगम होगा। यह संपर्क व्यापार, पर्यटन और सीमावर्ती क्षेत्रों के सामाजिक-आर्थिक विकास को गति देगा।
एर्नाकुलम–बेंगलुरु वंदे भारत एक्सप्रेस दक्षिण भारत में यात्रा समय को 2 घंटे से अधिक घटाएगी, जिससे यह यात्रा 8 घंटे 40 मिनट में पूरी हो जाएगी। यह रूट केरल, तमिलनाडु और कर्नाटक के बीच आर्थिक गतिविधियों, आईटी उद्योग और पर्यटन को प्रोत्साहित करेगा। प्रधानमंत्री मोदी का यह कदम “आधुनिक भारत के लिए आधुनिक रेल” के संकल्प को सशक्त बनाएगा और देश की परिवहन व्यवस्था को नई ऊंचाइयों पर ले जाएगा।
![]()











