सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती एवं जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों की तैयारियों को लेकर शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी बी.एन. सिंह की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई।
बैठक में जिलाधिकारी ने बताया कि 15 नवम्बर, 2025 को भगवान बिरसा मुंडा की जयंती के उपलक्ष्य में 1 से 15 नवम्बर, 2025 तक की अवधि के दौरान देशभर में 5वें जनजातीय गौरव दिवस को स्मरणोत्सव के रूप में मनाने का निर्णय लिया गया है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आदिवासी स्वतंत्रता सेनानियों को सम्मानित करना, स्वतंत्रता संग्राम एवं सांस्कृतिक विरासत में उनके योगदान को याद करना तथा जनजातीय क्षेत्रों के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देना है।
इस दौरान जिलाधिकारी ने कर्मयोगी अभियान के अंतर्गत नामित जिला मास्टर ट्रेनर एवं ब्लॉक मास्टर ट्रेनर की बैठक लेते हुए निर्देश दिया कि धरती आबा अभियान के तहत जनपद के चयनित 176 जनजातीय गांवों में भ्रमण कर पंचायत भवनों पर विशेष सभाओं का आयोजन किया जाए। इन सभाओं में जनजातीय नृत्य, भगवान बिरसा मुंडा और अन्य जनजातीय महानायकों की जीवनी, स्वतंत्रता संग्राम में उनके योगदान, तथा जनजातीय संस्कृति और परंपराओं का प्रसार किया जाए।
साथ ही उन्होंने निर्देशित किया कि इन सभाओं के दौरान जनजातीय विकास की सरकारी योजनाओं की जानकारी जन-जन तक पहुंचाई जाए और प्रत्येक ग्राम की ग्राम कार्ययोजना तैयार की जाए, ताकि जनजातीय गौरव दिवस के उपरांत इन गांवों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ते हुए विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार किया जा सके। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला समाज कल्याण अधिकारी ज्ञानेन्द्र सिंह भदौरिया सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()












