विंढमगंज/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विंढमगंज थाना क्षेत्र के महुली बाजार में बीती रात अज्ञात चोरों ने एक इलेक्ट्रॉनिक दुकान का ताला तोड़कर लगभग डेढ़ लाख रुपये के सामान की चोरी कर ली। सुबह जब दुकानदार दुकान पर पहुँचा तो ताला टूटा और अंदर का सामान बिखरा देखकर उसके होश उड़ गए। घटना से पूरे बाजार में दहशत और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, महुली निवासी प्रमोद कुमार पुत्र भगवानदास गुप्ता की महुली बाजार में मोबाइल, चार्जर, ईयरफोन, एलईडी बल्ब सहित विभिन्न इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों की दुकान है। बीती रात अज्ञात चोरों ने दुकान का ताला तोड़कर चोरी की वारदात को अंजाम दिया।
सुबह लगभग 7 बजे प्रमोद कुमार दुकान पहुंचे तो अंदर का नज़ारा देखकर सन्न रह गए। जांच करने पर पता चला कि करीब 1.5 लाख रुपये मूल्य के मोबाइल फोन, चार्जर, ईयरफोन, नकदी एवं अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामग्री चोरी हो गई है।

पीड़ित ने घटना की तहरीर थाना विंढमगंज पुलिस को सौंपते हुए जल्द से जल्द चोरों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी की मांग की है। उन्होंने बताया कि चोरी से उन्हें गंभीर आर्थिक नुकसान हुआ है जिससे उनका कारोबार बुरी तरह प्रभावित हुआ है।
प्रमोद कुमार ने कहा कि महुली बाजार में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारी असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से बाजार में रात के समय गश्त बढ़ाने और आरोपितों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
![]()











