लखनऊ/एबीएन न्यूज़। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में गुरुवार को बड़े पैमाने पर टिकट जांच अभियान चलाया गया। मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आशुतोष गुप्ता के निर्देशन तथा सहायक मंडल वाणिज्य प्रबंधक ओंकारनाथ वर्मा के नेतृत्व में गोमतीनगर और मोहिबुल्लापुर रेलवे स्टेशनों पर यह विशेष अभियान संचालित हुआ।
अभियान के दौरान बस रेड जांच के तहत गाड़ी संख्या 15114, 15009, 15053 और 55087 की सघन जांच की गई। इस दौरान 35 बिना टिकट एवं अनियमित यात्री पकड़े गए, जिनसे कुल ₹25,075 रेल राजस्व वसूला गया। वहीं 9 यात्रियों का ट्रायल रेलवे मजिस्ट्रेट के समक्ष कराया गया।

जांच के दौरान वाणिज्य टीम ने पाया कि कुछ पुलिस कर्मी और दैनिक यात्री स्लीपर एवं थ्री-एसी श्रेणी में बिना वैध टिकट यात्रा कर रहे थे। सभी यात्रियों को नियमों के पालन तथा बिना टिकट यात्रा से बचने हेतु जागरूक भी किया गया। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि ऐसे अभियान आगे भी जारी रहेंगे, ताकि यात्रियों में नियमों का पालन सुनिश्चित किया जा सके और राजस्व क्षति को रोका जा सके।
![]()













