सोनभद्र/एबीएन न्यूज़। दिव्यांग बच्चों को आवश्यक सहायता प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत बीआरसी दुद्धी परिसर में 26 नवंबर को एलिम्को कानपुर की टीम द्वारा दिव्यांग परिषदीय बच्चों का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। परीक्षण के दौरान करीब 100 बच्चों की जाँच कर उनकी जरूरतों के अनुरूप आवश्यक सहायक उपकरणों की सूची तैयार की गई।
एलिम्को की टीम में ऑडियोलॉजिस्ट विपिन कुमार पाण्डेय के साथ आनंद सिंह, रोहिणी कारंडे, शशि और मनीष कुमार सहित अन्य तकनीकी विशेषज्ञों ने बच्चों का विशेषज्ञता के साथ परीक्षण किया।
खण्ड शिक्षा अधिकारी प्रेम शंकर राम ने बताया कि शासन एवं डीसी प्रणति प्रभा सारंगी के निर्देशानुसार परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले दिव्यांग बच्चों को सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेजी से आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि परीक्षण के उपरांत आगामी 20 जनवरी को पात्र बच्चों को ट्राइसाइकिल, व्हीलचेयर, श्रवण यंत्र, ब्रेल किट, एमआर किट सहित अन्य आवश्यक उपकरण निःशुल्क वितरित किए जाएंगे।
वरिष्ठ शिक्षक शैलेश मोहन ने इस पहल को सराहनीय बताते हुए कहा कि दिव्यांग बच्चों के लिए यह योजना अत्यंत लाभकारी साबित होगी, खासकर उन बच्चों के लिए जो आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग से आते हैं और जिन्हें दैनिक जीवन में अनेक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। परीक्षण कार्यक्रम के दौरान संदीप, प्रवीण, दीपक, राजेश झा, लल्लूराम, पीयूष सहित अन्य शिक्षक और कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()














