Last Updated:
CNN News18 Indian of the Year 2025: फिल्म ‘सैयारा’ के पॉपुलर स्टार अनीत पड्डा और अहान पांडे को ‘CNN-News18 इंडियन ऑफ द ईयर’ के मंच पर जैन-जी आइकन अवॉर्ड से नवाजा गया. फिल्म ‘सैयारा’ की तरह उनकी केमिस्ट्री ने मंच पर लोगों का दिल जीता. मंच पर खास मोमेंट तब क्रिएट हुआ, जब दोनों से उनकी फेवरेट रोमांटिक फिल्म के बारे मे पूछा गया है. यकीनन, वह ‘सैयारा’ नहीं थी.
नई दिल्ली: ‘CNN-News18 इंडियन ऑफ द ईयर’ के मंच पर अनीत पड्डा और अहान पांडे को ‘जैन-जी आइकन’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया, जिनकी म्यूजिकल फिल्म ‘सैयारा’ ने हर एक उम्र के दर्शक को अपनी ताजगी से भरपूर कहानी और गानों से छुआ. मंच पर भी अनीत पड्डा-अहान पांडे की केमिस्ट्री लोगों को पसंद आई. दोनों ने मंच पर रोमांटिक मोमेंट रीक्रिएट किए और अपनी बेस्ट रोमांटिक फिल्म के बारे में भी बताया. अहान पांडे अवॉर्ड जीतने के बाद मंच पर इमोशनल नजर आए. उन्होंने मंच पर अपने जज्बात बयां करते हुए कहा, मैंने इसका सपना देखा था. मैंने उम्मीद नहीं की थी कि इतने बड़े स्टेज पर अपनी बात कहूंगा. मैं इसे उन लोगों के साथ शेयर करता हूं, जिसने देश के लिए बहुत कुछ किया है.’ अहान पांडे ने फिल्म ‘सैयारा’ के लिए मोहित सूरी, आदित्य चोपड़ा का भी आभार जताया.
खूबसूरत अनीत पड्डा ने फिर अपने जज्बात बयां किए. वे बोलीं, ‘मैं कुबूल करना चाहती हूं कि मैंने जो सपना देखा था, वह अब पूरा हुआ. 5 साल की उम्र में ‘सोन परी’ देखती थी, 12 साल की उम्र में दुनिया ने बताया कि यह सच नहीं है. लेकिन मैजिक उनके साथ होता है, जो उसकी उम्मीद करते हैं. मैं अपने दोस्तों, माता-पिता का आभार जताती हूं.’ अनीत पड्डा ने फिर मोहित सूरी का आभार जताया और कहा कि मैं 10 साल की उम्र से अपने सपने को पूरा करने की कोशिश कर रही थी. उन्होंने अपने को-स्टार अहान पांडे को अपना बेस्ट फ्रेंड बताते हुए कहा, ‘बेस्ट स्टेज में बेस्ट मैन के साथ होना खुशकिस्मती है.’
अहान पांडे और अनीत पड्डा की क्यूट केमिस्ट्री
अहान पांडे और अनीत पड्डा ने फिर अनुरोध पर फिल्म ‘सैयारा’ का रोमांटिक सीन रीक्रिएट किया. अनीत पड्डा ने अहान को गाल पर किस किया. जब उनसे पूछा गया कि उनकी पसंदीदा रोमांटिक मूवी कौन सी है, तो अनीत पड्डा और अहान पांडे ने फिल्म ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ का नाम लिया. दोनों अपने जवाब में एकमत दिखे. गौरतलब है कि ‘CNN-News18 इंडियन ऑफ द ईयर’ के 15वें एडिशन में अलग-अलग फील्ड के सितारे पहुंचे. मंच पर उन शख्सियतों को सम्मानित किया जा रहा है, जिनके कमिटमेंट, नजरिये और अचीवमेंट ने देश की जर्नी को आकार दिया है. सिनेमा जगत के नए सितारों अनीत पड्डा और अहान पांडे को सम्मानित किया गया, जिनकी डेब्यू फिल्म ‘सैयारा’ हिंदी सिनेमा में नयापन लेकर आई. ‘CNN-News18 इंडियन ऑफ द ईयर’ के मंच पर इस साल ‘इंडिया के अजेय आइकन’ थीम के तहत ऐसे बदलाव लाने वाले लोगों पर ध्यान दिया गया है, जो साहस, संयम और अटूट जज्बे को दर्शाते हैं और बदलते भारत में मजबूती और तरक्की की मिसाल बनकर सामने आए हैं.
About the Author

अभिषेक नागर News 18 Digital में Senior Sub Editor के पद पर काम कर रहे हैं. वे News 18 Digital की एंटरटेनमेंट टीम का हिस्सा हैं. वे बीते 6 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. वे News 18 Digital से पहल…और पढ़ें
![]()











