सिंगरौली/एबीएन न्यूज। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) ने शुक्रवार को अपना 41वां स्थापना दिवस मुख्यालय सहित सभी परियोजनाओं और इकाइयों में बड़े उत्साह के साथ मनाया। स्थापना दिवस कार्यक्रम की शुरुआत एनसीएल के सीएमडी बी. साईराम द्वारा मुख्यालय स्थित पंजरेह प्रांगण में ध्वजारोहण से हुई। इसके बाद खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रम शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई।
पंजरेह भवन प्रांगण में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में एनसीएल के पूर्व चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक— ए. के. दास, एस. वी. चाओजी, शांतिलता साहू, टी. के. नाग, बी. आर. रेड्डी, पी. के. सिन्हा विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम में निदेशक (मानव संसाधन) मनीष कुमार, निदेशक (वित्त) रजनीश नारायण, निदेशक (तकनीकी/संचालन) सुनील प्रसाद सिंह, निदेशक (तकनीकी/परियोजना एवं योजना) आशुतोष द्विवेदी, मुख्य सतर्कता अधिकारी अजय कुमार जायसवाल, विभिन्न श्रमिक संघों के जेसीसी सदस्य तथा विभागाध्यक्ष सहित बड़ी संख्या में अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
स्थापना दिवस के अवसर पर एनसीएल के पूर्व शीर्ष नेतृत्व के साथ एक विशेष संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इसमें पूर्व सीएमडी एवं वरिष्ठ अधिकारियों ने एनसीएल के— उत्पादन एवं प्रेषण,पर्यावरण संरक्षण,सामाजिक उत्तरदायित्व,कर्मचारी विकास,डिजिटल नवाचार,सतत विकास जैसे क्षेत्रों में निरंतर प्रगति और उत्कृष्ट प्रदर्शन की प्रशंसा की। उन्होंने अपने अनुभव साझा किए और कंपनी के उज्ज्वल एवं स्वर्णिम भविष्य के लिए महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।
गौरतलब है कि स्थापना दिवस का केंद्रीय समारोह आज शाम सिंगरौली स्टेडियम में आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न संवर्गों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को सम्मानित किया जाएगा। साथ ही आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ भी आयोजन का मुख्य आकर्षण रहेंगी।
![]()











