लखनऊ/एबीएन न्यूज़। सिविल सेवा 2025 में चयनित भारतीय रेल प्रबंधन सेवा (IRMS) के तीसरे बैच के 104 परिवीक्षाधीन अधिकारियों ने बुधवार को भारतीय रेलवे परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM) लखनऊ में अपनी सेवाएँ ज्वाइन कीं। इसके साथ ही उन्होंने भारतीय रेलवे में अपने पेशेवर जीवन की नई और महत्वपूर्ण यात्रा की शुरुआत की। इस अवसर पर IRITM के अपर महानिदेशक (ADG) श्री संजय त्रिपाठी सहित संस्थान के वरिष्ठ संकाय सदस्य उपस्थित रहे।
इस ज्वाइनिंग को भारतीय रेलवे प्रशासन के लिए एक महत्वपूर्ण चरण माना जा रहा है। नए IRMS अधिकारी रेलवे प्रबंधन के विभिन्न क्षेत्रों में भविष्य में नेतृत्वकारी भूमिका निभाने के लिए तैयार किए जाएंगे।
अपने स्वागत संबोधन में अपर महानिदेशक श्री संजय त्रिपाठी ने अधिकारियों को पेशेवर और व्यक्तिगत जीवन में अनुशासन, सतत शिक्षा और आत्म-विकास के महत्व पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि भारतीय रेलवे जैसे विशाल संगठन में सेवा करते हुए निरंतर सीखने और उत्कृष्टता प्राप्त करने की भावना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को देश और रेलवे की सेवा के प्रति समर्पित रहने की प्रेरणा भी दी।
भारतीय रेलवे परिवहन प्रबंधन संस्थान (IRITM) को प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण के क्षेत्र में उत्कृष्ट संस्थान के रूप में मान्यता प्राप्त है। भारत सरकार के कैपेसिटी बिल्डिंग कमीशन (CBC) द्वारा किए गए ऑडिट में IRITM को “अति-उत्कृष्ट” रेटिंग दी गई है तथा इसे चार सितारा केंद्रीकृत प्रशिक्षण संस्थान का दर्जा प्राप्त है।

प्रशिक्षण के दौरान IRMS अधिकारियों को रेलवे कार्यप्रणाली, सामान्य प्रबंधन, आधुनिक प्रौद्योगिकी, नवाचार, परिवहन प्रबंधन, सुरक्षा, संचालन, मानव संसाधन, वित्त तथा परिवहन इकोनॉमिक्स जैसे विभिन्न विषयों का गहन प्रशिक्षण दिया जाएगा। यह प्रशिक्षण उन्हें भविष्य में रेलवे क्षेत्र की जटिल चुनौतियों और महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों के लिए पूरी तरह तैयार करेगा।
इन 104 अधिकारियों का यह बैच भारतीय रेलवे के विकास, आधुनिकीकरण और सेवा उत्कृष्टता में महत्वपूर्ण योगदान देने के उद्देश्य से तैयार किया जा रहा है। उनका प्रशिक्षण आने वाले वर्षों में रेलवे के संचालन, प्रबंधन और नवाचार में नई ऊँचाइयों को हासिल करने में सहायक होगा।
![]()












