दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। विंढमगंज थाना क्षेत्र अंतर्गत फुलवार गांव में शनिवार और रविवार की मध्यरात्रि एक हृदयविदारक घटना सामने आई, जहां प्राथमिक विद्यालय सुईचट्टान फुलवार में कार्यरत शिक्षामित्र अरुण कुमार श्रीवास्तव का हृदय गति रुक जाने से निधन हो गया। मृतक की उम्र लगभग 45 वर्ष बताई जा रही है। उनके आकस्मिक निधन से परिवार, गांव और शिक्षा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।
ग्राम प्रधान दिनेश यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि अरुण कुमार श्रीवास्तव पुत्र विशंभर लाल श्रीवास्तव शनिवार-रविवार की रात लगभग 1:30 बजे अचानक अस्वस्थ हो गए। परिजन उन्हें संभाल पाते, उससे पहले ही उनकी हृदय गति रुक गई। मौके पर पहुंची मोबाइल मेडिकल यूनिट के चिकित्सा अधिकारी डॉ. विनय श्रीवास्तव ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
अरुण कुमार श्रीवास्तव एक कर्मठ, सरल स्वभाव और शिक्षण के प्रति समर्पित शिक्षामित्र के रूप में जाने जाते थे। विद्यालय के साथ-साथ गांव में भी उनकी अच्छी छवि थी। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव में शोक का माहौल बन गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मृतक अपने पीछे एक पुत्र और एक पुत्री सहित दो छोटे-छोटे बच्चों को छोड़ गए हैं। अचानक पिता का साया उठ जाने से बच्चों के भविष्य को लेकर परिजनों की चिंता और पीड़ा और भी बढ़ गई है। वहीं, शिक्षकों और शिक्षा विभाग से जुड़े लोगों ने भी गहरा शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की है।
![]()











