लखनऊ/एबीएन न्यूज। सेवानिवृत्त रेलवे लाभार्थियों के स्वास्थ्य संरक्षण और कल्याण को ध्यान में रखते हुए सोमवार को उत्तर रेलवे मंडल चिकित्सालय, लखनऊ में एक वृहद स्वास्थ्य जांच एवं टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। इस स्वास्थ्य शिविर का नेतृत्व अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. उर्मी सरकार द्वारा किया गया।
शिविर के दौरान कुल 132 सेवानिवृत्त रेलवे लाभार्थियों की व्यापक स्वास्थ्य जांच की गई। जांच में रक्त परीक्षण, ईसीजी परीक्षण के साथ-साथ वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा आवश्यक परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। चिकित्सकों ने लाभार्थियों की स्वास्थ्य स्थिति का मूल्यांकन करते हुए उन्हें आवश्यक चिकित्सकीय सुझाव भी दिए।
संक्रमण से बचाव के उद्देश्य से शिविर में 111 लाभार्थियों का न्यूमोकोकल टीकाकरण भी सफलतापूर्वक किया गया। इसके साथ ही सीजनल फ्लू से बचाव को लेकर लाभार्थियों को आवश्यक जानकारी दी गई और सतर्कता के उपायों पर विस्तृत रूप से जागरूक किया गया।

चिकित्सकों ने इस अवसर पर स्वच्छता, संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और समय-समय पर स्वास्थ्य जांच के महत्व पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि बढ़ती उम्र में नियमित जांच और टीकाकरण से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल अपने सेवानिवृत्त कर्मचारियों और लाभार्थियों के स्वास्थ्य एवं कल्याण के प्रति निरंतर प्रतिबद्ध है। मंडल प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य संवर्धन कार्यक्रमों का आयोजन करते रहने की बात कही, ताकि सेवानिवृत्त कर्मियों को बेहतर और सुरक्षित स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
![]()














