लखनऊ/एबीएन न्यूज। सेवानिवृत्त पेंशनभोगी कर्मचारियों एवं उनके परिजनों की पेंशन से संबंधित समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से दिनांक 15 दिसंबर 2025 को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय, उत्तर रेलवे, लखनऊ के सभागार में पेंशन अदालत का आयोजन किया गया। पेंशन अदालत में बड़ी संख्या में पेंशनभोगी उपस्थित रहे और अपनी समस्याएं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखीं।
कार्यक्रम के दौरान कुल 19 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 16 प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष 3 प्रकरणों को आवश्यक अग्रिम कार्यवाही के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया, ताकि उनका शीघ्र और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित किया जा सके।

इस अवसर पर अपर मंडल रेल प्रबंधक श्री शूरवीर सिंह स्वयं उपस्थित रहे और पेंशनभोगियों की समस्याओं की गंभीरता से समीक्षा की। उन्होंने सभी आवेदकों को उनकी समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन देते हुए कहा कि रेलवे प्रशासन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के हितों के प्रति पूरी तरह संवेदनशील और प्रतिबद्ध है।
वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी श्रीमती अरिमा भटनागर के मार्गदर्शन में आयोजित इस पेंशन अदालत में कार्मिक शाखा के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने पेंशनभोगियों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और आवश्यक दस्तावेजों की जांच कर समाधान की प्रक्रिया पूरी की। पेंशनभोगियों ने इस पहल की सराहना करते हुए इसे अत्यंत उपयोगी बताया।
![]()














