लखनऊ/एबीएन न्यूज। इंग्लैंड की प्रतिष्ठित संस्था वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस द्वारा नई दिल्ली स्थित भारत मण्डपम में एक भव्य अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस गरिमामय अवसर पर विश्व हिन्दू रक्षा परिषद के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष श्री गोपाल राय को सनातन धर्म एवं संस्कृति के उत्थान के लिए किए गए उनके उल्लेखनीय और निरंतर योगदान के लिए वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस अवार्ड से सम्मानित किया गया।
श्री गोपाल राय को यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान लव जिहाद, आतंकवाद एवं जिहादी ताक़तों के खिलाफ उनके सक्रिय प्रयासों, सनातन संस्कृति की रक्षा, गौ रक्षा तथा पाकिस्तान, बांग्लादेश सहित विश्व के विभिन्न देशों में हिंदुओं और हिंदुत्व की सुरक्षा के लिए किए गए कार्यों के लिए प्रदान किया गया। उनके कार्यों और अभियानों को वैश्विक स्तर पर व्यापक सराहना मिली है।

इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान समारोह में अमेरिका, यूनाइटेड किंगडम, ऑस्ट्रेलिया, मॉरीशस, श्रीलंका, कनाडा, फिजी, फ्रांस सहित कई अफ्रीकी देशों से आए गणमान्य व्यक्तियों को भी उनके-अपने क्षेत्रों में किए गए उत्कृष्ट एवं समाजोपयोगी कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी ने समारोह को अंतरराष्ट्रीय स्वरूप प्रदान किया।
सम्मान ग्रहण करते हुए श्री गोपाल राय ने वर्ल्ड रिकॉर्ड ऑफ एक्सीलेंस संस्था एवं अवार्ड सेलेक्शन कमेटी के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह सम्मान केवल उनका व्यक्तिगत सम्मान नहीं है, बल्कि सनातन संस्कृति और उसके मूल्यों के लिए कार्य कर रहे प्रत्येक समर्पित कार्यकर्ता का सम्मान है। उन्होंने यह भी संकल्प दोहराया कि भविष्य में भी वे पूरे विश्व में सनातन संस्कृति की रक्षा, जागरूकता और उत्थान के लिए निरंतर कार्य करते रहेंगे।
![]()











