सिंगरौली/एबीएन न्यूज। कोल इंडिया की अनुषंगी कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की दूधीचुआ परियोजना में आयोजित अंतर-क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 अपने रोमांचक मुकाबलों के साथ पूरे शबाब पर है। यह प्रतियोगिता लीग-कम-नॉकआउट प्रणाली के तहत आयोजित की जा रही है, जिसमें एनसीएल की विभिन्न परियोजनाओं एवं इकाइयों की कुल 12 टीमें भाग ले रही हैं। प्रतियोगिता का आयोजन 22 दिसम्बर 2025 तक किया जाएगा।
प्रतियोगिता के दूसरे दिन खड़िया क्षेत्र और जयंत क्षेत्र के बीच खेले गए कड़े मुकाबले में खड़िया क्षेत्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जीत दर्ज की। वहीं, बीना परियोजना और सीडबल्यूएस के बीच हुए मैच में बीना परियोजना की टीम ने दमदार खेल का प्रदर्शन कर सीडबल्यूएस को पराजित किया।
तीसरे दिन दूधीचुआ क्षेत्र और कृष्णशिला क्षेत्र के बीच खेले गए मुकाबले में दूधीचुआ क्षेत्र विजेता रहा। इसके अतिरिक्त मुख्यालय और ककरी क्षेत्र के बीच हुए मैच में मुख्यालय टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए जीत अपने नाम की।

प्रतियोगिता के चौथे दिन अमलोरी क्षेत्र और खड़िया क्षेत्र के बीच हुए मुकाबले में अमलोरी क्षेत्र ने जीत दर्ज कर अगले चरण में प्रवेश किया। वहीं निगाही क्षेत्र और सीडबल्यूएस के बीच खेले गए मैच में निगाही क्षेत्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला अपने नाम किया।

शुक्रवार को ब्लॉक-बी क्षेत्र और दूधीचुआ क्षेत्र के बीच खेले गए रोमांचक मैच में ब्लॉक-बी क्षेत्र ने जीत हासिल की। इसके साथ ही मुख्यालय और झिंगुरदा क्षेत्र के बीच हुए मुकाबले में मुख्यालय टीम ने एक बार फिर अपनी श्रेष्ठता साबित करते हुए विजय प्राप्त की।
उल्लेखनीय है कि एनसीएल अंतर-क्षेत्रीय क्रिकेट प्रतियोगिता 2025-26 का शुभारंभ विगत सोमवार, 15 दिसम्बर 2025 को दूधीचुआ परियोजना में हुआ था। प्रतियोगिता का उद्घाटन मैच ब्लॉक-बी और कृष्णशिला क्षेत्र के बीच खेला गया था, जिसमें ब्लॉक-बी क्षेत्र ने जीत दर्ज कर प्रतियोगिता की शानदार शुरुआत की थी। लगातार हो रहे रोमांचक मुकाबलों से खिलाड़ियों में उत्साह का माहौल है और दर्शकों को भी बेहतरीन क्रिकेट देखने को मिल रहा है।
![]()












