सिंगरौली/एबीएन न्यूज। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) द्वारा गुरुवार को सिंगरौली स्टेडियम में ‘पंख प्रसार–हौसलों की उड़ान’ प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य एनसीएल की महिला कर्मियों की छिपी हुई प्रतिभा, कौशल और क्षमता को प्रोत्साहित करना तथा उन्हें शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना रहा।
कार्यक्रम के तहत महिला कर्मियों की फिटनेस और सहभागिता बढ़ाने के लिए विविध खेल-कूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इसमें जुम्बा, ब्लास्ट द बलून, सेव द बलून, थ्री लेग रेस, रस्सा कस्सी, बोरा दौड़, पिचर रेस, रिले दौड़, लॉन्ग जंप और शॉट पुट जैसी रोचक एवं उत्साहवर्धक प्रतिस्पर्धाएं शामिल रहीं।
‘पंख प्रसार’ कार्यक्रम में एनसीएल की सभी परियोजनाओं एवं इकाइयों की महिला कर्मियों को चार टीमों में विभाजित किया गया। कुल 10 खेलों में 184 महिला प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपने हुनर और टीम भावना का परिचय दिया।
समापन समारोह में महाप्रबंधक (मानव संसाधन) श्री राजेश त्रिवेदी, कंपनी जेसीसी सदस्य बीएमएस से श्री श्यामधर दूबे, एचएमएस से श्री अशोक कुमार पांडे, मुख्यालय जेसीसी सदस्यगण, एनसीएल स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारीगण के साथ बड़ी संख्या में महिला कर्मी उपस्थित रहीं।
अपने संबोधन में श्री राजेश त्रिवेदी ने कहा कि खेल-कूद को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने से शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में उल्लेखनीय सुधार होता है। उन्होंने सभी प्रतिभागियों के उत्साह और शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता में ओवरऑल चैंपियनशिप का खिताब टीम ‘एम.सी. मैरी कॉम’ ने अपने नाम किया, जबकि टीम ‘पी.वी. सिंधु’ उपविजेता रही। इससे पूर्व गुरुवार की सुबह कार्यक्रम का शुभारंभ महाप्रबंधक (मानव संसाधन/प्रशासन) श्री संजय सिन्हा द्वारा किया गया। कार्यक्रम के अंत में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाली टीमों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया गया।
गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा प्रतिवर्ष अपने कर्मियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास के उद्देश्य से इस प्रकार की खेल-कूद प्रतियोगिताओं का नियमित आयोजन किया जाता रहा है।
![]()











