सोनभद्र/एबीएन न्यूज। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट एवं उप जिलाधिकारी रावर्टसगंज, सोनभद्र श्री उत्कर्ष द्विवेदी ने शीतकालीन भ्रमण कार्यक्रम के तहत माह दिसंबर 2025 एवं जनवरी 2026 में तहसील रावर्टसगंज क्षेत्र की ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों और राजस्व विभाग से संबंधित कार्यों के निरीक्षण की जानकारी दी है। इस दौरान न्यायालय में विचाराधीन वादों के त्वरित निस्तारण के साथ-साथ चैपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनी जाएंगी। यह कार्यक्रम प्रत्येक निर्धारित तिथि को अपरान्ह 12 बजे से 3 बजे तक आयोजित किया जाएगा।
श्री द्विवेदी ने बताया कि विकास खंड नगवा अंतर्गत ग्राम पंचायत पनिकपकला में 26 दिसंबर 2025 को, खलियारी में 2 जनवरी 2026 को तथा मड़कुड़ी में 9 जनवरी 2026 को निरीक्षण किया जाएगा। इसी प्रकार विकास खंड चतरा के ग्राम पंचायत कसारी में 16 जनवरी 2026 को, सिलथम में 23 जनवरी 2026 को तथा बरईल में 30 जनवरी 2026 को निरीक्षण की तिथियां निर्धारित की गई हैं।
उन्होंने बताया कि भ्रमण के दौरान वर्तमान में संचालित राजस्व संबंधी कार्यों की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। इसमें ग्राम पंचायतों के राजस्व ग्रामों में सीमा स्तम्भों की स्थिति, फार्मर रजिस्ट्री, निर्विवाद वरासत, अंश निर्धारण, ग्राम सभा भूमि की स्थिति, पट्टेदारों के कब्जे की स्थिति सहित अन्य महत्वपूर्ण बिंदु शामिल हैं।
उप जिलाधिकारी ने संबंधित क्षेत्रीय लेखपाल, राजस्व निरीक्षक एवं अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों को निर्देशित किया है कि वे निर्धारित तिथि एवं समय से पूर्व सभी लंबित कार्यों को अद्यावधिक करते हुए आवश्यक विवरण एवं अभिलेखों के साथ उपस्थित रहें। साथ ही, ग्रामीणों की समस्याओं के समाधान हेतु चैपाल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।
इस शीतकालीन भ्रमण कार्यक्रम के माध्यम से प्रशासन का उद्देश्य गांवों में चल रहे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति का आकलन करना, राजस्व मामलों का त्वरित निस्तारण करना तथा ग्रामीणों की समस्याओं को मौके पर ही सुनकर उनका समाधान सुनिश्चित करना है।
![]()












