लखनऊ/एबीएन न्यूज। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में संरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेलकर्मियों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से मंगलवार, 23 दिसंबर 2025 को सेफ्टी अवार्ड समारोह का आयोजन किया गया। मंडल रेल प्रबंधक उत्तर रेलवे लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने संरक्षा के प्रति विशेष सतर्कता और जिम्मेदारी का परिचय देने वाले 13 रेलकर्मियों को सेफ्टी अवार्ड प्रदान कर सम्मानित किया।
सम्मानित किए गए रेलकर्मियों में श्री विवेकानंद सिंह (पॉइंट्समैन, सरायकंसराय), श्री बबलू यादव (पॉइंट्समैन, सफेदाबाद), श्री रामजी (पॉइंट्समैन, कूड़ेभार), श्री अर्पित शर्मा (स्टेशन मास्टर, अयोध्या कैंट), श्री मणि जी (स्टेशन अधीक्षक, शिवपुर), श्री दीपक रावत (पॉइंट्समैन, सफेदाबाद), श्री रिंकू कुमार (पॉइंट्समैन, बाबतपुर), श्री चंदेश्वर कुमार सिंह (स्टेशन मास्टर, बाबतपुर), श्री संदीप कुमार यादव (पॉइंट्समैन, भदैयाँ), श्री पवन कुमार गुप्ता (लोको पायलट, लखनऊ), श्री पंकज कुमार सिंह (लोको पायलट, लखनऊ), श्री कुलदीप कुमार यादव (लोको पायलट, लखनऊ) एवं श्री विकास कुमार गुप्ता (लोको पायलट, लखनऊ) शामिल हैं।
इन रेलकर्मियों ने ड्यूटी के दौरान सतर्कता, त्वरित निर्णय क्षमता और साहस का परिचय देते हुए संभावित रेल दुर्घटनाओं को समय रहते टालने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। संचालन के दौरान ट्रैक पर अवरोध, स्लीपर या रेल फ्रैक्चर जैसी गंभीर स्थितियों को पहचानकर इमरजेंसी ब्रेक लगाना, उच्च अधिकारियों को तत्काल सूचना देना तथा तकनीकी स्टाफ द्वारा दोष निवारण के बाद सुरक्षित रेल संचालन सुनिश्चित करना उनकी प्रमुख उपलब्धियों में शामिल रहा।
मंडल रेल प्रबंधक श्री सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि इस प्रकार के पुरस्कार कर्मचारियों को संरक्षा के प्रति और अधिक सजग, उत्तरदायी एवं प्रेरित करते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि रेलकर्मियों की यह सजगता भविष्य में भी रेल संचालन को सुरक्षित, विश्वसनीय और सुचारु बनाए रखने में सहायक सिद्ध होगी।
![]()












