सोनभद्र//एबीएन न्यूज। नव वर्ष-2026 के आगमन पर जिलाधिकारी श्री बी.एन. सिंह ने जनपदवासियों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने संदेश में कहा कि नया साल सोनभद्र के चौमुखी विकास, सामाजिक सौहार्द और अमन-चैन को नए आयाम देने वाला साबित हो, यही कामना है।
जिलाधिकारी ने जनपद के नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि वे शांति और सहयोग की भावना के साथ जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन की मदद करें और विकास की गति को और प्रगाढ़ बनाने में सहभागी बनें। उन्होंने सोनभद्र की भौगोलिक परिस्थितियों, आदिवासी एवं पिछड़े क्षेत्रों, गरीब वर्ग और दूरस्थ इलाकों में विकास की विशाल संभावनाओं का उल्लेख किया तथा कहा कि आने वाले समय में इन क्षेत्रों को जनकल्याणकारी, विकासपरक और लाभार्थी आधारित योजनाओं से कवर करने पर विशेष जोर दिया जाएगा।
श्री सिंह ने यह भी स्पष्ट किया कि सरकार द्वारा संचालित सभी योजनाओं का सही लाभ पात्र लोगों तक पहुंचे, इस दिशा में तेज और पारदर्शी कार्यवाही जारी रहेगी। वहीं निर्माणाधीन परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण कराकर जिले के ढांचागत विकास को नई दिशा दी जाएगी।
नव वर्ष के उत्सव की शुभकामनाएं देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि लोग आपसी भाईचारा, मेल-जोल और सामाजिक सद्भाव के साथ त्योहार मनाएं और समाज में सकारात्मकता के संदेश को आगे बढ़ाएं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नया वर्ष जनपद में प्रगति, शांति और खुशहाली लेकर आएगा।
![]()












