लखनऊ / एबीएन न्यूज। नववर्ष 2026 का सकारात्मक शुभारंभ पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ करते हुए पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल की ओर से गोरखपुर स्थित इलेक्ट्रिक लोको शेड परिसर में मेगा वृक्षारोपण अभियान आयोजित किया गया। मंडल रेल प्रबंधक श्री गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में आयोजित इस अभियान में कुल 180 देशी एवं पर्यावरण-अनुकूल प्रजातियों के पौधे रोपित किए गए, जो स्थानीय जलवायु के साथ अनुकूलता रखते हुए जैव-विविधता और वायु गुणवत्ता सुधार में सहायक सिद्ध होंगे।
रोपे गए पौधों में अशोक के 40, महोगनी के 55, कनेर के 40, नीम के 40 और जामुन के 05 पौधे शामिल हैं। रेलवे अधिकारियों के अनुसार ये प्रजातियाँ न केवल पर्यावरण की स्वच्छता में योगदान देंगी, बल्कि परिसर की हरियाली को भी बढ़ावा देंगी।
अभियान के दौरान उपस्थित अधिकारियों ने कर्मचारियों को पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि वृक्षारोपण भविष्य की पीढ़ियों के लिए एक महत्वपूर्ण निवेश है। उन्होंने बताया कि वृक्ष न केवल ऑक्सीजन के प्राकृतिक स्रोत हैं, बल्कि कार्बन उत्सर्जन को कम कर जलवायु परिवर्तन से निपटने में भी मददगार साबित होते हैं। रेलवे कर्मियों को नियमित रूप से पौधों की देखभाल एवं संरक्षण के लिए प्रेरित किया गया।
रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह पहल भारतीय रेल के ‘हरित रेलवे’ विजन के अनुरूप है और भविष्य में भी मंडल के विभिन्न क्षेत्रों में ऐसे कार्यक्रम निरंतर जारी रहेंगे। सामूहिक सहयोग से आयोजित यह अभियान रेलवे परिवार की पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी और प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
![]()












