सिंगरौली/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। भारत सरकार की मिनीरत्न कंपनी नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) के अमलोरी क्षेत्र में मंगलवार को कोल इंडिया अंतर-कंपनी टेबल टेनिस टूर्नामेंट 2025-26 का भव्य शुभारंभ हुआ। इस प्रतिष्ठित खेल आयोजन का उद्घाटन एनसीएल के निदेशक (वित्त) श्री रजनीश नारायण ने मुख्य अतिथि के रूप में किया।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए श्री रजनीश नारायण ने सभी प्रतिभागी खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और उन्हें खेल भावना, अनुशासन एवं सौहार्द के साथ श्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक बल्कि मानसिक और आध्यात्मिक विकास का भी सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने सभी टीमों को उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस अंतर-कंपनी टूर्नामेंट में कोल इंडिया लिमिटेड एवं उसकी अनुषंगी कंपनियों की कुल 11 टीमें हिस्सा ले रही हैं। प्रतियोगिता 8 जनवरी तक चलेगी। इसमें एसईसीएल, एससीसीएल, एमसीएल, डब्ल्यूसीएल, बीसीसीएल, ईसीएल, सीसीएल, सीएमपीडीआईएल, सीआईएल, एनईसी तथा मेजबान एनसीएल की टीमें शामिल हैं। टूर्नामेंट में कुल 119 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं, जिनमें 18 महिला खिलाड़ी भी शामिल हैं।
उद्घाटन अवसर पर कॉर्पोरेट जेसीसी सदस्य एवं सीएमएस श्री अजय कुमार, महाप्रबंधक अमलोरी क्षेत्र श्री आलोक कुमार, महाप्रबंधक (कल्याण) श्री राजेश त्रिवेदी, स्पोर्ट्स प्रमोशन बोर्ड के सदस्य, अमलोरी क्षेत्र के विभागाध्यक्ष, अधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

टूर्नामेंट में कुल छह श्रेणियों में मुकाबले आयोजित किए जा रहे हैं, जिनमें पुरुष एकल, पुरुष युगल, महिला एकल, महिला युगल, वेटरन एकल एवं वेटरन युगल शामिल हैं। टीम चैंपियनशिप के लिए सभी टीमों को दो पूल में विभाजित किया गया है। पूल-ए में एनसीएल, एमसीएल, सीसीएल, बीसीसीएल और ईसीएल जबकि पूल-बी में एसईसीएल, सीआईएल, एससीसीएल, सीएमपीडीआईएल, एनईसी और डब्ल्यूसीएल को रखा गया है।
उल्लेखनीय है कि टूर्नामेंट के सफल आयोजन हेतु इंडोर हॉल को अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है। यह आयोजन कोल इंडिया लिमिटेड एवं एनसीएल की खेल एवं फिटनेस के प्रति प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो कर्मचारियों के बीच आपसी सद्भाव, ऊर्जा और प्रतिस्पर्धात्मक भावना को प्रोत्साहित करता है।
![]()












