बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। सोनभद्र जनपद के शक्तिनगर निवासी शशांक कुमार सोनी ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) दिल्ली से कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में मास्टर ऑफ टेक्नोलॉजी (एम.टेक) की उपाधि प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है। वर्ष 2023-25 के स्नातकोत्तर बैच का दीक्षांत समारोह नई दिल्ली स्थित विज्ञान भवन में भव्य रूप से आयोजित किया गया, जहां भारत की महामहिम राष्ट्रपति श्रीमती द्रौपदी मुर्मू ने शशांक कुमार सोनी को उपाधि प्रदान की।
दीक्षांत समारोह का आयोजन एनआईटी दिल्ली के निदेशक प्रो. (डॉ.) अजय के. शर्मा के नेतृत्व में किया गया। यह समारोह शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार के अंतर्गत तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान की महत्वपूर्ण भूमिका को दर्शाता है। इस अवसर पर देशभर से आए विद्यार्थियों ने अपनी शैक्षणिक उपलब्धियों का उत्सव मनाया।
शशांक कुमार सोनी, पुत्र विषपालन सोनी, ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा शक्तिनगर स्थित एनटीपीसी के सेंट जोसेफ्स स्कूल से विज्ञान वर्ग में इंटरमीडिएट तक पूरी की। इसके पश्चात उन्होंने कानपुर के केआईटी से कंप्यूटर साइंस शाखा में बी.टेक की डिग्री प्राप्त की। उच्च शिक्षा के प्रति समर्पण और तकनीकी दक्षता के बल पर उन्होंने एनआईटी दिल्ली से एम.टेक की पढ़ाई सफलतापूर्वक पूर्ण की।
दो वर्षों के गहन शैक्षणिक अध्ययन, विश्लेषणात्मक शोध कार्य और तकनीकी प्रशिक्षण के परिणामस्वरूप यह उपलब्धि हासिल हुई है। एम.टेक की पढ़ाई पूर्ण करने के बाद शशांक कुमार सोनी वर्तमान में सेंटर फॉर डेवलपमेंट ऑफ टेलीमैटिक्स (सी-डॉट) में कार्यरत हैं और तकनीकी क्षेत्र में अपना योगदान दे रहे हैं।
शशांक की इस उपलब्धि से न केवल उनके परिवार में हर्ष का माहौल है, बल्कि पूरे सोनभद्र जिले में गर्व और खुशी की लहर है। स्थानीय लोगों और शिक्षकों ने उनकी सफलता को युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत बताया है। यह दीक्षांत समारोह शशांक सहित सभी विद्यार्थियों के लिए न केवल शैक्षणिक सफलता का प्रतीक रहा, बल्कि उनके उज्ज्वल पेशेवर भविष्य की नई शुरुआत भी साबित हुआ।
![]()













