लखनऊ/एबीएन न्यूज। भारतीय रेल परिवहन प्रबंधन संस्थान (आईआरआईटीएम), लखनऊ ने पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए ISO 14001:2015 पर्यावरण प्रबंधन प्रणाली का प्रमाणन प्राप्त किया है। यह प्रमाणन संस्थान की पर्यावरणीय स्थिरता, पर्यावरण के अनुकूल कार्यप्रणालियों और जिम्मेदार संस्थागत प्रबंधन के प्रति मजबूत प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
ISO 14001:2015 प्रमाणन पर्यावरण प्रबंधन के लिए एक अंतरराष्ट्रीय मानक है, जो संसाधनों के कुशल उपयोग, अपशिष्ट में कमी, ऊर्जा संरक्षण तथा पर्यावरणीय प्रभावों को नियंत्रित करने और उनमें निरंतर सुधार की प्रक्रिया को सुनिश्चित करता है। इस प्रमाणन के माध्यम से आईआरआईटीएम के सुव्यवस्थित पर्यावरण प्रबंधन तंत्र और हरित पहल को औपचारिक मान्यता मिली है।
इस अवसर पर आईआरआईटीएम के महानिदेशक श्री रंजन प्रकाश ठाकुर ने संस्थान के सभी संकाय सदस्यों एवं कर्मचारियों को उनके समर्पित प्रयासों, टीम भावना और सतत कार्य के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि संस्थान की सामूहिक प्रतिबद्धता का परिणाम है, जो सतत विकास, पर्यावरण संरक्षण और जिम्मेदार प्रशासन को प्राथमिकता देने का स्पष्ट प्रमाण है।
महानिदेशक ने यह भी कहा कि आईआरआईटीएम भविष्य में भी अपनी पर्यावरणीय पहलों को और अधिक सुदृढ़ करेगा। साथ ही प्रशिक्षुओं और अधिकारियों के बीच पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता को बढ़ावा देते हुए भारतीय रेलवे के हरित, सुरक्षित और संरक्षित परिवहन के विजन के अनुरूप कार्य करता रहेगा।
![]()











