Last Updated:
Madhuri Dixit Jackie Shroff Movie : 90 के दशक की शुरुआत से पहले ही दर्शकों का रुझान बदलने लगा था. रोमांटिक फिल्मों का दौर शुरू हुआ. मल्टी स्टार फिल्में कम देखी जाने लगीं. आमिर खान की ‘कयामत से कयामत तक’ और सलमान खान की म्यूजिकल रोमांटिक फिल्म ‘मैंने प्यार किया’ ने समीकरण बदल दिए. इसी बीच, एक ऐसी मल्टी स्टार एक्शन थ्रिलर फिल्म रिलीज हुई जिसमें माधुरी दीक्षित और सनी देओल की जोड़ी नजर आए. यह दोनों की इकलौती फिल्म है. फिल्म का म्यूजिक सुपरहिट रहा था. फिल्म को दो फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिले. यह फिल्म कौन सी थी, आइये जानते हैं……
बॉलीवुड के मशहूर प्रोड्यूसर गुलशन राय ने एक से बढ़कर एक फिल्में प्रोड्यूस की हैं. इन फिल्मों में जॉनी मेरा नाम, दीवार, त्रिशूल और विधाता जैसी सुपरहिट फिल्में शामिल हैं. 1989 में गुलशन राय के बेटे राजीव राय ने एक मल्टी स्टारर फिल्म ‘त्रिदेव’ बनाई थी. यह एक एक्शन थ्रिलर फिल्म थी. त्रिदेव फिल्म की शुरुआत में नसरुद्दीन शाह ने एक प्रोलॉग भी बोला था जो बहुत पॉपुलर हुआ था. फिल्म को त्रिमूर्ति फिल्म्स के बैनर तले प्रोड्यूस किया गया था. अपने पिता की कंपनी के नाम से प्रेरणा लेकर ही राजीव राय ने फिल्म का टाइटल त्रिदेव रखा था. फिल्म का मुहुर्त 18 अक्टूबर 1987 को हुआ था. धर्मेंद्र ने मुहुर्त क्लैप दिया था.

त्रिदेव फिल्म 7 जुलाई 1989 को रिलीज हुई थी. फिल्म की कहानी राजीव राय ने लिखी थी. डायरेक्शन भी उन्होंने ही किया था. डायलॉग केके सिंह ने लिखे थे. मूवी में नसीरुद्दीन शाह, सनी देओल, जैकी श्रॉफ, माधुरी दीक्षित, सोनम, संगीता बिजलानी, अनुपम खेर और अमरीश पुरी जैसे सितारे नजर आए थे. इसके अलावा, रजा मुराद, दिलीप ताहिल, शरत सक्सेना, तेज सप्रू, डैन धनोआ, राजेश विवेक भी सपोर्टिंग रोल में नजर आए थे. म्यूजिक कल्याण जी आनंद जी का था. बैकग्राउंड स्कोर विजू शाह का था.

फिल्म का म्यूजिक सुपरहिट रहा था. मूवी में 42:23 मिनट की लेंग्थ के कुल 4 गाने रखे गए थे. फिल्म के पॉप्युलर गानों में ‘ओए ओए…ओ तिरछी वाले’, ‘गली गली में फिरता है’, ‘मैं तेरी मोहब्बत में’, और ‘रातभर जाम से जाम’ जैसे सॉन्ग शामिल थे. इसमें से ‘मैं तेरी मोहब्बत में’ सनी देओल – माधुरी दीक्षित पर फिल्माया गया था. ‘ओए ओए’ सॉन्ग 1989 का सबसे हिट सॉन्ग था. उन दिनों हर कोई ‘ओए ओए’ गुनगुनाता था. ‘तिरछी टोपी वाले’ गाना भी खूब हिट हुआ था. गीतकार आनंद बख्शी थे. सपना मुखर्जी को ‘तिरछी टोपी वाले’ सॉन्ग के लिए बेस्ट फीमेल प्लेबैक सिंगर का फिल्मफेयर अवॉर्ड मिला था. फिल्म की शूटिंग के दौरान डायरेक्टर 9 दिन तक सोए नहीं थे. ‘ओए ओए’ सॉन्ग रात को 3 बजे शूट हुआ था. इतना ही नहीं, राजीव राय ने इस गाने की शूटिंग के दौरान अमरीश पुरी को जमकर डांटा था.
Add News18 as
Preferred Source on Google

त्रिदेव नसीरुद्दीन शाह की पहली कॉमर्शियल मसाला फिल्म थी. इससे पहले वो आर्ट फिल्मों में काम करते थे. उन्हें पैसे की जरूरत थी. नसीरुद्दीन शाह और राजीव राय दोनों की गहरी दोस्ती हो गई. आगे चलकर राजीव राय ने विश्वात्मा-मोहरा और असंभव जैसी फिल्मों में भी नसीरुद्दीन को काम दिया. वो नसीरुद्दीन शाह को अपने लिए लकी मानते थे.

जब त्रिदेव फिल्म बन रही थी, तब माधुरी दीक्षित स्टार नहीं थीं. इसी बीच उनकी फिल्म ‘तेजाब’ 1988 में रिलीज हो गई. इस फिल्म से माधुरी दीक्षित रातोंरात स्टार बन गईं. उनके स्टारडम को राजीव राय ने भुनाया. गानों में माधुरी दीक्षित को ज्यादा फुटेज दिए.

यह इकलौती फिल्म है जिसमें माधुरी दीक्षित और जैकी श्रॉफ ने भाई-बहन का किरदार निभाया था. फिल्म की सफलता के बाद राजीव राय सेम स्टार कास्ट के साथ ‘विश्वात्मा’ बनाना चाहते थे. उन्होंने अगली फिल्म 1992 में विश्वात्मा बनाई भी लेकिन जैकी श्रॉफ इसका हिस्सा नहीं बन पाए. उनकी जगह चंकी पांडेय को फिल्म में लिया गया था. उस समय जैकी श्रॉफ के बेटे टाइगर श्रॉफ का जन्म हुआ था और जैकी देश से बाहर शूटिंग के लिए नहीं जाना चाहते थे.

फिल्म में एक्ट्रेस सोनम रजा मुराद के बेटी बनी हुई थीं. असल जिंदगी में वो रजा मुराद की भतीजी हैं. उनका असली नाम बख्तावर खान है. यश चोपड़ा की विजय फिल्म से उन्होंने डेब्यू किया था. यश चोपड़ा ने ही उनका नाम ‘सोनम’ रखा था. त्रिदेव फिल्म की शूटिंग के दौरान सोनम और डायरेक्टर राजीव राय में नजदीकियां बढ़ीं. आगे चलकर दोनों ने शादी कर ली. यह शादी 2018 में टूट गई थी.

सेंसर बोर्ड ने फिल्म को बैन करने की चेतावनी दी थी. बोर्ड ने डायरेक्टर राजीव राय से कहा कि यह हिंसात्मक फिल्म है. पूरे तीन माह तक फिल्म बोर्ड पर अटकी रही. ऐसे में राजीव राय बोर्ड के खिलाफ कोर्ट चले गए और लड़ाई जीते भी. इस फिल्म में विलेन के नाम बहुत ही यूनिक थे. अमरीश पुरी ने भुजंग का किरदार निभाया था.

त्रिदेव फिल्म का सबसे ज्यादा फायदा सोनम और माधुरी दीक्षित को हुआ. संगीता बिजलानी को सबने भुला दिया. 1989 का साल जैकी श्रॉफ के करियर के लिए माइलस्टोन साबित हुआ. इसी साल उनकी राम लखन, परिंदा जैसी फिल्में भी सफल रहीं. परिंदा के लिए उन्हें बेस्ट एक्टर का फिल्मफेयर अवॉर्ड भी मिला. 2 करोड़ के बजट में इस फिल्म ने करीब 17 करोड़ का वर्ल्डवाइड कलेक्शन किया था. यह एक ब्लॉकबस्टर फिल्म साबित हुई थी. सबसे मजेदार बात यह है कि मिथुन चक्रवर्ती ने त्रिदेव फिल्म का सीन टू सीन कॉपी करके बनाई गई मूवी ‘रंगबाज’ में काम किया. यह फिल्म 1996 में रिलीज हुई थी. त्रिदेव फिल्म में दिखाई देने वाले सनी देओल के घर में ही मिथुन चक्रवर्ती की फिल्म की शूटिंग हुई थी. यह फिल्म फ्लॉप रही थी.
![]()













