लखनऊ/एबीएन न्यूज़। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल में मण्डल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल की अध्यक्षता में ‘राजभाषा कार्यान्वयन समिति’ की प्रथम तिमाही बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में राजभाषा हिंदी के प्रयोग-प्रसार की प्रगति की समीक्षा करते हुए विभिन्न विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक की शुरुआत अपर मुख्य राजभाषा अधिकारी सह अपर मण्डल रेल प्रबंधक (इंफ्रा) भुवनेश सिंह के स्वागत संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि मंडल के कार्यक्षेत्र में अधिकतर कार्य हिंदी एवं द्विभाषी रूप में नियमानुसार संपन्न किए जा रहे हैं। सरकारी कार्यों में राजभाषा हिंदी का प्रयोग करना हमारी संवैधानिक जिम्मेदारी है और लखनऊ मंडल में इसका प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा रहा है।
उन्होंने सभी शाखाधिकारियों एवं समिति सदस्यों से प्रत्येक त्रैमासिक बैठक में अनिवार्य उपस्थिति सुनिश्चित करने का आग्रह किया। साथ ही निर्देशित किया कि स्टेशन स्तर की राजभाषा कार्यान्वयन समितियों की बैठकें निर्धारित कैलेंडर के अनुसार आयोजित कर उनका कार्यवृत्त एक सप्ताह के भीतर मंडल कार्यालय को प्रेषित किया जाए।
समीक्षा के उपरांत अध्यक्षीय संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल ने कहा कि राजभाषा के प्रयोग के क्षेत्र में लखनऊ मंडल निरंतर प्रगति कर रहा है। उन्होंने राजभाषा अधिनियम 1963 (संशोधित 1967) की धारा 3(3) के अंतर्गत वर्णित सभी 14 प्रकार के दस्तावेजों को अनिवार्य रूप से द्विभाषी रूप में जारी करने पर बल दिया। उन्होंने बताया कि राजभाषा विभाग की त्रैमासिक पत्रिका ‘प्रगति’ तथा ‘लखनऊ दर्पण’ समाचार बुलेटिन का नियमित प्रकाशन किया जा रहा है। अधिकारियों एवं कर्मचारियों से पत्रिका हेतु मौलिक रचनाएं भेजने का आग्रह करते हुए उन्होंने बताया कि प्रकाशित रचनाओं पर प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की जाती है।
बैठक के दौरान वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त चन्द्र मोहन मिश्रा ने ‘साइबर अपराध एवं साइबर हाइजीन’ तथा ‘रेलवे अधिनियम-नियम 1989 की धारा 143 के अंतर्गत अवैध टिकट दलाली की रोकथाम’ विषयों पर व्याख्यान दिया। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक रहने तथा टिकट दलाली जैसी अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने पर बल दिया।
जनसंपर्क अधिकारी सह राजभाषा अधिकारी महेश गुप्ता ने रेलवे बोर्ड की मानक कार्यसूची के अनुसार विभागवार प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए बैठक का संचालन किया। कार्यक्रम के अंत में अपर मंडल रेल प्रबंधक/परिचालन नीतू ने धन्यवाद ज्ञापित किया। बैठक में मंडल के समस्त शाखाधिकारी, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
![]()














