सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जिला उद्यम प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, सोनभद्र के सभागार में अग्रणी जिला प्रबंधक सोनभद्र एवं उपायुक्त उद्योग के तत्वावधान में ‘वृहद ऋण वितरण शिविर’ का आयोजन किया गया। शिविर में जनपद के विभिन्न बैंकों द्वारा विभिन्न स्वरोजगार एवं उद्यम प्रोत्साहन योजनाओं के अंतर्गत लाभार्थियों को ऋण वितरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना, पीएम सूर्यघर योजना, स्वयं सहायता समूहों को सीसीएल तथा मुद्रा योजना के अंतर्गत कुल 210 लाभार्थियों को 145.74 लाख रुपये का ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया गया।
उपायुक्त उद्योग एवं जिला उद्यम प्रोत्साहन तथा उद्यमिता विकास केन्द्र, सोनभद्र के श्री विनोद कुमार चौधरी ने मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान की विस्तार से जानकारी देते हुए कहा कि जनपद के बैंकर्स उत्कृष्ट सेवाएं प्रदान कर रहे हैं। उन्होंने बैंक अधिकारियों से अपेक्षा की कि सरकारी योजनाओं से संबंधित पत्रावलियों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करें। साथ ही सीएम फेलो को निर्देशित किया कि वे बैंकों से समन्वय कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराएं।

अग्रणी जिला प्रबंधक श्री सलन बागे ने कहा कि स्वरोजगार को बढ़ावा देने और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में बैंकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने संबंधित विभागों से गुणवत्तापूर्ण ऋण पत्रावलियों के चयन में सक्रिय सहयोग की अपेक्षा की। साथ ही निर्देश दिया कि पत्रावलियों को शाखा स्तर पर अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए तथा स्वीकृति एवं वितरण का विवरण समय-समय पर पोर्टल पर अद्यतन किया जाए, जिससे वास्तविक प्रगति परिलक्षित हो सके।
कार्यक्रम में उपस्थित जिला समन्वयकों ने लाभार्थियों को योजनाओं का पूर्ण लाभ लेने, आवश्यकतानुसार ऋण प्राप्त करने तथा समय पर ऋण चुकौती के लिए प्रेरित किया, ताकि भविष्य में भी उन्हें बैंकों से सहयोग मिलता रहे। परियोजना अधिकारी नेडा श्री चंद्रशेखर ने पीएम सूर्यघर योजना के संबंध में जानकारी देते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को ऋण उपलब्ध कराने पर बल दिया।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी गई। कार्यक्रम में परियोजना अधिकारी नेडा श्री चंद्रशेखर, विभिन्न बैंकों के जिला समन्वयक, एफएलसी प्रतिनिधि एवं लगभग 120 लाभार्थी उपस्थित रहे।
![]()













