बीना/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। कोयला क्षेत्र में कार्यरत कंपनी एनसीएल की निगाही परियोजना द्वारा निगमित सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 24, नवानगर में गुरुवार को नि:शुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य सुदूर ग्रामीण एवं वंचित क्षेत्रों के लोगों तक प्राथमिक स्वास्थ्य सुविधाएं सुलभ कराना रहा।
शिविर में निगाही परियोजना के चिकित्सकों की टीम ने उपस्थित ग्रामीणों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया। साथ ही गर्भवती महिलाओं के विशेष स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था भी की गई। जांच के उपरांत आवश्यक परामर्श दिया गया तथा जरूरतमंदों को नि:शुल्क दवाइयों का वितरण किया गया।
इस स्वास्थ्य शिविर में कुल 150 लोगों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई, जिनमें 30 गर्भवती महिलाएं शामिल रहीं। चिकित्सकों ने गर्भवती महिलाओं को नियमित जांच, संतुलित आहार एवं सुरक्षित मातृत्व से संबंधित महत्वपूर्ण सुझाव भी दिए।

एनसीएल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि कंपनी अपने सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के तहत समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन करती रहती है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। कंपनी का प्रयास है कि समाज के हर वर्ग तक आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचें और लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता भी बढ़े। स्थानीय नागरिकों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे शिविरों के नियमित आयोजन की मांग की।
![]()













