लखनऊ/एबीएन न्यूज। पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में बक्शी का तालाब रेलवे स्टेशन पर व्यापक स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का संचालन मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. रमेश चंद के निर्देशन तथा अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी के नेतृत्व में किया गया।
स्वास्थ्य शिविर में रेलवे कर्मचारियों का सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। अपर मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. दीक्षा चौधरी एवं वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी डॉ. रंजना पाटनी ने कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर भी विस्तार से जानकारी दी। कर्मचारियों और यात्रियों को तनाव प्रबंधन एवं बेहतर कार्यक्षमता के लिए आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया।

इस दौरान स्टेशन परिसर में उपलब्ध फर्स्ट एड बॉक्स की विस्तृत जांच की गई। स्टेशन अधीक्षक कार्यालय में निकटवर्ती अस्पतालों की अद्यतन सूची, आवधिक चिकित्सीय परीक्षण (पीएमई) अभिलेखों तथा खानपान वेंडरों के मेडिकल प्रमाणपत्रों की वैधता का भी निरीक्षण किया गया।

पूर्वोत्तर रेलवे लखनऊ मंडल द्वारा कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य संरक्षण और सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से समय-समय पर ऐसे स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाता है। रेलवे प्रशासन ने भविष्य में भी इस प्रकार के कार्यक्रम निरंतर जारी रखने की प्रतिबद्धता दोहराई।
![]()













