सोनभद्र/एबीएन न्यूज। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के जनपद में संभावित कार्यक्रमों को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रमों के सफल आयोजन के उद्देश्य से जिलाधिकारी बी एन सिंह एवं पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने पुलिस लाइन स्थित हेलीपैड का स्थलीय निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि हेलीपैड की लैंडिंग साइट और आसपास के क्षेत्र को पूरी तरह सुव्यवस्थित एवं सुरक्षित रखा जाए। वहीं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करते हुए पुलिस लाइन परिसर में अभेद्य सुरक्षा घेरा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कलेक्ट्रेट और विकास भवन में प्रस्तावित कार्यक्रम स्थलों का भी जायजा लिया। उन्होंने बैठक कक्षों, परिसर की साफ-सफाई, मूलभूत सुविधाओं एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए शेष तैयारियां निर्धारित समयसीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी श्रीमती जागृति अवस्थी, जिला विकास अधिकारी हेमंत कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अधिकारी शैलेश ठाकुर, जिला पंचायत राज अधिकारी नमिता शरण, डीसी मनरेगा रविन्द्र वीर सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()













