सोनभद्र/एबीएन न्यूज। तहसील राबर्ट्सगंज क्षेत्र के ग्राम पंचायत मांगो और बघुआरी में 26 व 27 फरवरी को ग्राम चौपाल का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन चकबंदी प्रक्रियान्तर्गत कृषकों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं के समाधान के उद्देश्य से किया जा रहा है।
बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी, सोनभद्र जगदीश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि चकबंदी आयुक्त, उत्तर प्रदेश, लखनऊ के निर्देशानुसार चकबंदी से संबंधित ग्रामों में ग्राम चौपाल आयोजित कर किसानों से फीडबैक प्राप्त करने तथा उनकी समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, प्राप्त सूचनाओं को निदेशालय स्तर पर उपलब्ध कराने का भी प्रावधान है।
उक्त आदेशों के अनुपालन में तहसील राबर्ट्सगंज के ग्राम पंचायत मांगो में 26 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे तथा ग्राम पंचायत बघुआरी में 27 फरवरी 2026 को प्रातः 11 बजे ग्राम चौपाल आयोजित की जाएगी।
उन्होंने बताया कि ग्राम चौपाल के दौरान संबंधित अधिकारी एवं सहायक चकबंदी अधिकारी उपस्थित रहेंगे। इसके अतिरिक्त चकबंदी कर्ता और चकबंदी लेखपाल समस्त अभिलेखों के साथ मौके पर मौजूद रहेंगे, ताकि किसानों की शिकायतों और आपत्तियों का त्वरित निस्तारण किया जा सके।
प्रशासन ने संबंधित ग्रामों के किसानों से निर्धारित तिथि और समय पर उपस्थित होकर अपनी समस्याएं रखने की अपील की है, जिससे चकबंदी प्रक्रिया को पारदर्शी और प्रभावी बनाया जा सके।
![]()












