सोनभद्र/एबीएन न्यूज। जनपद के अनपरा परिक्षेत्र स्थित उत्तर प्रदेश राज्य विद्युत उत्पादन निगम के अंतर्गत संचालित अनपरा तापीय परियोजना में मुख्य महाप्रबंधक (सीजीएम) पद पर इं. अजय कटियार ने कार्यभार ग्रहण कर लिया है। प्रबंध निदेशक द्वारा जारी आदेश के तहत पूर्व सीजीएम इं. जेपी कटियार को मुख्य महाप्रबंधक तापीय परिचालन इकाई लखनऊ स्थानांतरित किया गया है, जबकि जवाहरपुर तापीय परियोजना के परियोजना प्रमुख रहे इं. अजय कटियार को अनपरा तापीय परियोजना की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है।
कार्यभार ग्रहण करने के बाद नवागत सीजीएम इं. अजय कटियार का परियोजना के अधिकारियों, अभियंताओं तथा विभिन्न ट्रेड यूनियनों के पदाधिकारियों ने पुष्पगुच्छ भेंट कर गर्मजोशी से स्वागत किया। सभी ने उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए बधाई देते हुए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। पदाधिकारियों ने विश्वास व्यक्त किया कि उनके नेतृत्व में परियोजना नई उपलब्धियां हासिल करेगी और कार्मिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान होगा।

इस अवसर पर कॉलोनी परिसर स्थित प्रेक्षागृह में निवर्तमान सीजीएम इं. जेपी कटियार के विदाई एवं नवागत सीजीएम इं. अजय कटियार के स्वागत समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में वक्ताओं ने दोनों वरिष्ठ अभियंताओं की तकनीकी दक्षता, कड़ी मेहनत, सहयोगी भावना और कुशल प्रबंधन क्षमता की सराहना की।
अभियंताओं ने कहा कि यूपी स्टेट इलेक्ट्रिसिटी बोर्ड के विघटन के बाद राज्य विद्युत उत्पादन निगम की विभिन्न परियोजनाओं में दोनों अधिकारियों ने उल्लेखनीय योगदान दिया है। उनके मार्गदर्शन में कम लागत में अधिकतम और सतत विद्युत उत्पादन संभव हुआ है। अधिकारियों ने आशा जताई कि इं. अजय कटियार के नेतृत्व में परियोजना नई ऊंचाइयों को छुएगी।

इं. जेपी कटियार द्वारा अनपरा तापीय परियोजना को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने और कार्मिक हितों को प्राथमिकता देने के लिए उनके योगदान की सराहना की गई। अधिकारियों ने स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें भावभीनी विदाई दी।
कार्यक्रम में महाप्रबंधक (अ एवं ब) इं. दूधनाथ, महाप्रबंधक (सिविल) इं. राजीव कुमार, महाप्रबंधक (द) इं. प्रशांत त्रिपाठी, सीएमओ डॉ. अमरनाथ बरनवाल, अधीक्षण अभियंता मुख्यालय इं. कर्मेंद्र सिंह सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, अभियंता, कर्मचारी एवं विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इं. अजय कटियार ने अपने संबोधन में कहा कि बिजली कार्मिकों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण किया जाएगा और सभी के सहयोग से परियोजना को नई उपलब्धियों की ओर अग्रसर किया जाएगा।
![]()











