लखनऊ/एबीएन न्यूज। माननीय प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में नए प्रधानमंत्री कार्यालय ‘सेवा तीर्थ’ में आयोजित केंद्रीय मंत्रिमंडल की प्रथम बैठक में पारित ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ के अनुपालन में 02 मार्च 2026 को उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल के मंडल कार्यालय स्थित सभागार में अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता मंडल रेल प्रबंधक, उ.रे., लखनऊ श्री सुनील कुमार वर्मा ने की। इस अवसर पर ‘सेवा संकल्प प्रस्ताव’ का विधिवत वाचन किया गया तथा प्रस्ताव में निहित सेवा, समर्पण, पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और नागरिक-केंद्रित कार्यसंस्कृति के मूल सिद्धांतों पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
अपने संबोधन में मंडल रेल प्रबंधक श्री वर्मा ने कहा कि “‘सेवा तीर्थ’ की अवधारणा शासन की नई कार्य-संस्कृति का प्रतीक है, जिसमें प्रत्येक निर्णय जन-सेवा की भावना से प्रेरित होता है। उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल में हम ‘नागरिक देवो भव’ की भावना को आत्मसात करते हुए यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और संतुष्टि को सर्वोच्च प्राथमिकता देंगे। हमारा लक्ष्य मंडल की कार्यप्रणाली को अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और परिणामोन्मुखी बनाना है।”
बैठक में इस बात पर विशेष बल दिया गया कि मंडल स्तर पर लिया जाने वाला प्रत्येक निर्णय राष्ट्र-निर्माण के व्यापक लक्ष्य से जुड़ा हो और आमजन के जीवन को सरल, सुरक्षित तथा सुगम बनाने की दिशा में केंद्रित रहे। डिजिटल तकनीकों के अधिकतम उपयोग, शिकायत निवारण प्रणाली को सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता, समयपालन और यात्री सुविधाओं में निरंतर सुधार जैसे विषयों पर भी गंभीर चर्चा की गई।

अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों में ‘सेवा संकल्प’ की भावना के अनुरूप कार्य-संस्कृति को प्रोत्साहित करें और टीम भावना के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करें। यह भी निर्णय लिया गया कि मंडल में जन-केंद्रित पहलों, नवाचारों और दक्ष प्रशासनिक उपायों को प्राथमिकता दी जाएगी।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल ने ‘विकसित भारत 2047’ के राष्ट्रीय संकल्प के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए उत्कृष्ट, सुरक्षित और विश्वसनीय रेल सेवाएं प्रदान करने का संकल्प व्यक्त किया। बैठक में लखनऊ मंडल के शाखा अधिकारीगण एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
![]()













