सोनभद्र/एबीएन न्यूज। नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एनसीएल) की झिंगुरदा परियोजना द्वारा गत शनिवार को अधिकारी क्लब, झिंगुरदा में कर्मियों एवं उनके परिवारजनों के लिए परिवार परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कर्मचारियों के समग्र विकास के साथ-साथ उनके पारिवारिक एवं सामाजिक जीवन को सुदृढ़ बनाना था।
परामर्श शिविर के दौरान विशेषज्ञों द्वारा कार्य-जीवन संतुलन, व्यक्तित्व निर्माण तथा स्वस्थ एवं संतुलित जीवनशैली अपनाने के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी गई। मानसिक स्वास्थ्य के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करते हुए तनाव मुक्त जीवन जीने के व्यावहारिक सूत्र भी साझा किए गए। प्रतिभागियों को यह समझाया गया कि सकारात्मक सोच, समय प्रबंधन और पारिवारिक सहयोग बेहतर कार्य निष्पादन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर क्षेत्रीय महाप्रबंधक (झिंगुरदा) श्री असीम कुमार बाग, परियोजना जेसीसी सदस्य तथा अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। उन्होंने ऐसे आयोजनों को कर्मचारियों के कल्याण और मनोबल वृद्धि के लिए आवश्यक बताया।
कार्यक्रम में गृहणियों ने भी उत्साहपूर्वक भागीदारी की। विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता के लिए उन्हें पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया, जिससे आयोजन का माहौल और भी उत्साहपूर्ण हो गया। गौरतलब है कि एनसीएल द्वारा समय-समय पर कर्मचारियों और उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य, व्यक्तित्व विकास और जीवनशैली सुधार से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, जिससे कार्यस्थल पर सकारात्मक वातावरण और उत्पादकता को बढ़ावा मिलता है।
![]()














