सोनभद्र/एबीएन न्यूज। होली पर्व के मद्देनजर जनपद में शांति एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी बद्रीनाथ सिंह ने समस्त जनपदवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं एवं बधाई दी है। उन्होंने नागरिकों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना करते हुए कहा कि होली रंगों, उमंग और आपसी भाईचारे का प्रतीक पर्व है, जिसे प्रेम, सद्भाव और पारंपरिक गरिमा के साथ मनाया जाना चाहिए।
जिलाधिकारी ने अपने संदेश में कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सामुदायिक समरसता का भी प्रतीक है। यह पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एक-दूसरे के साथ खुशियां साझा करने का अवसर प्रदान करता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे त्योहार के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि कोई भी व्यक्ति ऐसा कार्य न करे जिससे किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचे या सामाजिक सौहार्द प्रभावित हो। जबरन रंग न लगाएं, कीचड़ या गंदगी किसी पर न फेंकें तथा ध्वनि विस्तारक यंत्रों का प्रयोग निर्धारित मानकों के अनुरूप ही करें। साथ ही मादक पदार्थों के सेवन से दूर रहने और वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी।
जिलाधिकारी ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को सुरक्षित एवं संयमित ढंग से होली खेलने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि असामाजिक तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर रहेगी और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रशासन पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के लिए पूर्णतः सतर्क और प्रतिबद्ध है, ताकि जनपद में होली का त्योहार उल्लास, सुरक्षा और सौहार्द के साथ संपन्न हो सके।
![]()













