लखनऊ/एबीएन न्यूज। रेलवे बोर्ड के सदस्य (इंफ्रास्ट्रक्चर) एवं भारत सरकार के पदेन सचिव Vivek Kumar Gupta ने शनिवार को Lucknow Junction railway station का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं, विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल तथा शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित हैरिटेज प्रदर्शनी का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक Gaurav Agrawal, मंडल रेल प्रबंधक Sunil Kumar Verma, रेल भूमि विकास प्राधिकरण के मुख्य परियोजना प्रबंधक Pawas Yadav सहित लखनऊ मंडल के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

सदस्य (इंफ्रास्ट्रक्चर) विवेक कुमार गुप्ता ने लखनऊ जंक्शन के शताब्दी वर्ष (1926–2026) के उपलक्ष्य में स्टेशन परिसर में लगाई गई हैरिटेज प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने परिचालन, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार, वाणिज्य, भंडार, यांत्रिक, रेलवे सुरक्षा बल, कार्मिक तथा विद्युत विभाग द्वारा लगाए गए स्टॉल का भी निरीक्षण किया।

इस दौरान उन्होंने स्टेशन के प्रवेश द्वार पर दृष्टिबाधित यात्रियों की सुविधा के लिए लगाए गए ब्रेल मानचित्र (Braille Map), टॉय ट्रेन, हैरिटेज वाटर पम्प, आकर्षक फव्वारा और कैबवे क्षेत्र में स्थापित 102 वर्ष पुरानी नैरो-गेज स्टीम लोकोमोटिव को भी देखा। इसके साथ ही मंडल द्वारा विशेष रूप से तैयार की गई कॉफी टेबल बुक “Echoes of a Century – Lucknow Junction” का भी अवलोकन किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के साथ स्टेशन पर उपलब्ध यात्री सुविधाओं और विकास कार्यों पर चर्चा की तथा शताब्दी वर्ष के अवसर पर आयोजित हैरिटेज प्रदर्शनी की सराहना की। इससे पूर्व विवेक कुमार गुप्ता ने उत्तर रेलवे और पूर्वोत्तर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न परियोजनाओं और कार्यों की प्रगति की भी जानकारी ली।
![]()














