सोनभद्र/एबीएन न्यूज। Census of India 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना कार्य के लिए चयनित फील्ड ट्रेनर्स का प्रशिक्षण कार्यक्रम District Institute of Education and Training (डायट) के महामना मदन मोहन मालवीय सभागार में लगातार संचालित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दूसरे दिन प्रतिभागियों को डिजिटल जनगणना से जुड़े तकनीकी पहलुओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई।
प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के जिला सूचना विज्ञान अधिकारी निजामुद्दीन अंसारी, प्रियासा सिंह, मास्टर ट्रेनर डॉ. के.एन. उपाध्याय तथा सौरभ सिंह ने प्रशिक्षकों की भूमिका निभाते हुए प्रतिभागियों को विभिन्न तकनीकी प्रक्रियाओं से अवगत कराया। इस दौरान एचएलओ मोबाइल ऐप की इंस्टॉलेशन प्रक्रिया, ऐप को प्रारंभ करने की विधि और उसके चरणबद्ध उपयोग की विस्तृत जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण सत्र में मकान सूचीकरण एवं मकानों की गणना से संबंधित कुल 34 प्रश्नों पर विशेष रूप से प्रकाश डाला गया। प्रशिक्षकों ने प्रतिभागियों को प्रत्येक प्रश्न की बारीकियों को समझाते हुए सही और सटीक जानकारी संकलन की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया, ताकि जनगणना के दौरान आंकड़ों की शुद्धता और विश्वसनीयता सुनिश्चित की जा सके।
द्वितीय दिवस के प्रशिक्षण में प्रशिक्षुओं को डिजिटल प्रणाली के माध्यम से जनगणना कार्य को अधिक सुगम, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक तकनीकी दक्षता भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान किया गया तथा उन्हें व्यावहारिक रूप से भी अभ्यास कराया गया।
प्रशिक्षकों ने बताया कि डिजिटल तकनीक के उपयोग से जनगणना की प्रक्रिया पहले की तुलना में अधिक तेज और सटीक होगी। यह प्रशिक्षण कार्यक्रम आगामी जनगणना कार्य को सफलतापूर्वक संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
![]()













