सोनभद्र/एबीएन न्यूज। Indian Army में अग्निवीर भर्ती के लिए ऑनलाइन पंजीकरण की प्रक्रिया जारी है। इस संबंध में जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कैप्टन (नौसेना) आशुतोष चौधरी ने जानकारी देते हुए बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी 13 फरवरी से 01 अप्रैल 2026 तक ऑनलाइन माध्यम से अपना पंजीकरण कर सकते हैं।
उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी भर्ती से संबंधित आवेदन प्रक्रिया के लिए सेना की आधिकारिक वेबसाइट Join Indian Army पर जाकर पंजीकरण कर सकते हैं। वेबसाइट पर आवेदन प्रक्रिया, पात्रता, आवश्यक दस्तावेज तथा भर्ती से संबंधित अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां उपलब्ध हैं।
कैप्टन चौधरी ने बताया कि अग्निवीर भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी एवं निःशुल्क है तथा इसका संचालन कम्प्यूटर आधारित प्रणाली के माध्यम से किया जा रहा है। ऐसे में अभ्यर्थियों को किसी भी प्रकार के बिचौलियों या दलालों के झांसे में न आने की सलाह दी गई है। उन्होंने कहा कि सेना भर्ती में किसी भी प्रकार की सिफारिश या अवैध माध्यम का कोई स्थान नहीं है।
उन्होंने यह भी बताया कि भर्ती से संबंधित सभी आवश्यक दस्तावेज और जानकारी केवल सेना भर्ती कार्यालय द्वारा ही उपलब्ध कराई जाती है। यदि किसी अभ्यर्थी को आवेदन या भर्ती प्रक्रिया से संबंधित किसी प्रकार की जानकारी चाहिए तो वह जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास कार्यालय से संपर्क कर सकता है।
जिला सैनिक कल्याण अधिकारी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा कि वे समय रहते पंजीकरण कर भारतीय सेना में सेवा देने का अवसर प्राप्त करें और देश सेवा के इस गौरवपूर्ण अवसर का लाभ उठाएं।
![]()













