मीरजापुर/एबीएन न्यूज। Yogi Adityanath ने 17 मार्च 2026 को जनपद भ्रमण के दौरान Vindhyavasini Devi Temple पहुंचकर आदिशक्ति मां विन्ध्यवासिनी के दर्शन कर विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ पूजा-अर्चना की। मुख्यमंत्री ने मां को लाल चुनरी अर्पित कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनता के कल्याण की कामना की तथा मंदिर परिसर की परिक्रमा भी की।
इस अवसर पर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री Ashish Patel, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग के उपाध्यक्ष सोहन लाल श्रीमाली, नगर विधायक रत्नाकर मिश्र, मड़िहान विधायक रमाशंकर सिंह पटेल, मझवां विधायक शुचिस्मिता मौर्या, छानबे विधायक रिंकी कोल, विधान परिषद सदस्य श्याम नारायण सिंह उर्फ विनीत सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष राजू कनौजिया, नगर पालिका परिषद मीरजापुर के अध्यक्ष श्याम सुंदर केसरी तथा भाजपा जिलाध्यक्ष लाल बहादुर सरोज सहित कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान आगामी चैत्र नवरात्र मेला की तैयारियों का भी निरीक्षण किया और जिला प्रशासन को निर्देश दिया कि नवरात्र और रामनवमी के अवसर पर आने वाले श्रद्धालुओं को सुगम एवं सुरक्षित दर्शन की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता पर विशेष ध्यान देने तथा पूरे मेले को प्लास्टिक मुक्त बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

इसके बाद मुख्यमंत्री ने Vindhyavasini Corridor का अवलोकन करते हुए विभिन्न स्टालों का निरीक्षण किया और वहां मौजूद श्रद्धालुओं का अभिवादन भी किया। निरीक्षण के दौरान कारीडोर में कुछ बच्चे दिखाई देने पर मुख्यमंत्री उनके पास पहुंचे और उनसे संवाद किया। उन्होंने बच्चों से पढ़ाई के बारे में जानकारी ली और उन्हें मोबाइल का उपयोग कम करने की सीख दी। साथ ही बच्चों को चॉकलेट देकर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इस अवसर पर एडीजी वाराणसी जोन पीयूष मोडिया, मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, पुलिस महानिरीक्षक आर.पी. सिंह, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार, पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक तथा मुख्य विकास अधिकारी विशाल कुमार सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।
![]()












