कोसी बराज की तस्वीर।
– फोटो : अमर उजाला
विस्तार
नेपाल प्रभाग में लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के बाद कोसी नदी एक बार फिर उफान पर है। बीते 24 घंटों में ही कोसी नदी के जलस्तर में करीब 4 लाख क्यूसेक का उछाल आया है। नेपाल के बराह क्षेत्र में दोपहर 01 बजे 4 लाख 45 हजार 550 क्यूसेक पानी और कोसी बराज से पांच लाख 21 हजार 455 क्यूसेक पानी डिस्चार्ज हुआ है।
कोसी के उफान से सुपौल सहित, सहरसा, मधेपुरा, मधुबनी, दरभंगा, खगड़िया, कटिहार और भागलपुर जिलों में भारी तबाही मचने की आशंका थी। कुछ घंटे बाद शाम चार बजे अपडेट आया कि नेपाल ने कोसी बराज वीरपुर से 549500 और गंडक बराज वाल्मीकिनगर से 501650 क्यूसेक पानी छोड़ दिया है। फिर शाम छह बजे कोसी बराज का डिस्चार्ज बढ़कर 5,67,760 हो गया। कोसी बराज से शनिवार की शाम 8 बजे 5 लाख 90 हजार 385 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रिकॉर्ड किया गया है। दस बजे डिस्चार्ज 5,67,760 से बढ़कर 6,01,600 हो गया। जलस्तर में आई इस वृद्धि के बाद नदी का बहाव बराज पर बने पुल के निचले हिस्से से सट कर हो रहा है। वही पानी के हिचकोलों की वजह से बराज का पानी ओवरफ्लो होकर पुल के ऊपर से बहने लगा है। इसके साथ ही बिहार में बाढ़ की तबाही शुरू हो गई है। जल संसाधन विभाग के प्रधान सचिव ने संबंधित जिलाधिकारियों को हाई अलर्ट जारी किया है। इस बीच, नेपाल के फतुहा पुल के समीप (लालबकेया) नदी का बांध टूटने से भारत-नेपाल सीमावर्ती क्षेत्रों में बाढ़ की तबाही का डर सामने आ गया है।
परिचालन पूरी तरह रोक दिया गया है
इधर, जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए नेपाल प्रभाग स्थित कोसी बराज से वाहनों का परिचालन पूरी तरह रोक दिया गया है। सुपौल में जिलाधिकारी कौशल कुमार खुद ही तटबंध के इलाकों की निगरानी में निकले हुए हैं। उन्होंने बताया कि बीते 24 घंटों में नेपाल प्रभाग स्थित कोसी नदी के जल ग्रहण क्षेत्र में 200 एमएम से भी अधिक बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके कारण कोसी नदी अचानक उफनाई है। प्रशासन की ओर से माइकिंग कराई जा रही है और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शरण लेने के लिए अपील की जा रही है। प्रशासन की माइकिंग में स्पष्ट किया गया है दोपहर 12 बजे की संभावित कोसी बराज का डिस्चार्ज बीते 56 वर्षों में सर्वाधिक है। डीएम ने बताया कि संभावित बाढ़ और कटाव के मद्देनजर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। कोसी के अभियंताओं को भी तटबंध की सतत निगरानी के निर्देश दिए गए हैं।
शुक्रवार से कोसी के जलस्तर में लगातार हो रही है वृद्धि
शुक्रवार की शाम से ही कोसी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के बाद अब पूर्वी और पश्चिमी तटबंध के बीच बसे आबादी वाले इलाकों में भी बाढ़ का पानी फैलाना शुरू हो चुका है। लेकिन कोसी के अभियंताओं के लिए इससे भी बड़ी चिंता नेपाल प्रभाग के बराह क्षेत्र में लगातार जलस्तर वृद्धि है। शनिवार की शाम 8 बजे बराह क्षेत्र से बढ़ते क्रम में 05 लाख 08 हजार 350 क्यूसेक पानी का डिस्चार्ज रिकॉर्ड हुआ है।