सोनभद्र/एबीएन न्यूज। उत्तर प्रदेश शासन के निर्देशानुसार जनपद सोनभद्र में नागरिक सुरक्षा कोर (Civil Defence Corps) की स्थापना की जा चुकी है। इस कोर के नियंत्रक के रूप में जिलाधिकारी बी.एन.सिंह को नामित किया गया है, वहीं प्रमोद कुमार तिवारी, उप जिलाधिकारी/सहायक अभिलेख अधिकारी ओबरा को उप नियंत्रक, नागरिक सुरक्षा नियुक्त किया गया है।
नागरिक सुरक्षा कोर में सिविल डिफेन्स सेवा से जुड़ने के इच्छुक व्यक्तियों एवं सामाजिक संगठनों के सदस्यों को स्वयंसेवक बनने का सुनहरा अवसर दिया जा रहा है। कोई भी इच्छुक व्यक्ति या संगठन निःशुल्क निर्धारित प्रोफार्मा पर आवेदन कर नागरिक सुरक्षा कोर का स्वयंसेवक सदस्य बन सकता है।
यह सेवा समाज के लिए समर्पित है और आपातकालीन परिस्थितियों, प्राकृतिक आपदाओं, सार्वजनिक आयोजनों आदि में नागरिकों की रक्षा, मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।