नई दिल्ली. अनु मलिक बॉलीवुड इंडस्ट्री के मशहूर म्यूजिक कंपोजर और सिंगर हैं. उन्होंने अपने करियर में कई सुपरहिट गाने दिए हैं और अपने म्यूजिक से लोगों के दिलों को जीता है. साल 2018 में अनु मलिक पर MeToo मूवमेंट के दौरान यौन उत्पीड़न के आरोप लगे थे. सोना महापात्रा, नेहा भसीन, अलीशा चिनॉय और अन्य कई सिंगर्स ने कंपोजर पर गंभीर आरोप लगाते हुए चौंकाने वाले खुलासे किए थे. अब उनके छोटे भाई और कंपोजर डब्बू मलिक ने इस विवाद पर खुलकर बात की और साथ ही खुलासा किया कि उस बुरे दौर का उनके परिवार ने किस तरह सामना किया था.
जर्नलिस्ट विक्की लालवानी से बातचीत के दौरान डब्बू मलिक ने उस मुश्किल समय को याद किया. उन्होंने कहा, ‘यह हमारे परिवार के लिए एक झटका था.
अनु मलिक खुद भी हैरान रह गए थे. इतने सारे लोग जब उसे निशाना बना रहे थे, तब जो दर्द उन्होंने झेला, उसे हम संभाल नहीं पाए. हमने उन्हें इमोशनली सपोर्ट किया. हमने यह सुनिश्चित किया कि वह काम और मीटिंग्स में दोबारा एक्टिव हो सकें.’
भाई अनु मलिक को किया सपोर्ट
उन्होंने आगे कहा, ‘एक परिवार के तौर पर मैंने कोई भी फैसला या निष्कर्ष नहीं निकाला और ऐसा करना भी नहीं चाहिए. उन्होंने वाकई में बहुत मुश्किल वक्त देखा. मैंने व्यक्तिगत रूप से उन्हें सपोर्ट किया, क्योंकि जब आप किसी को इतना कुछ झेलते हुए देखते हैं, तो यह उसके लिए बहुत बड़ा झटका होता है.’ डब्बू ने यह भी बताया कि उनके बुजुर्ग माता-पिता के लिए स्थिति को समझना मुश्किलभरा था. उन्हें समझ ही नहीं आ रहा था कि क्या हो रहा है. उस वक्त उनकी उम्र 80 के आसपास थी.
अनु मलिक पर लगे आरोपों पर क्या पड़ा असर?
जब डब्बू मलिक से पूछा गया कि क्या उनके और उनके छोटे भाई अबू मलिक के लिए भी लोगों का सामना करना मुश्किल हो गया था, तो कंपोजर ने कहा, ‘हम इसे जरूरत से ज्यादा अहमियत दे देते हैं. मैं नहीं मानता कि हम स्टार्स हैं. अनु कोई शाहरुख खान या सुपरस्टार नहीं है. हम बस म्यूजिशियन हैं. बेवजह हम सोशल मीडिया पर किसी के बारे में बात करते रहते हैं और उन्हें एक तरह की जगह या पहचान दे देते हैं. मुझे नहीं लगता कि हम इतने महत्वपूर्ण हैं कि इस पर इतनी चर्चा हो.’
कई सिंगर ने अनु मलिक पर लगाए थे आरोप
अक्टूबर 2018 में भारत में MeToo मूवमेंट के दौरान कई महिलाओं ने अनु मलिक पर यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए थे. सिंगर श्वेता पंडित ने दावा किया था कि जब वह केवल 15 साल की थीं, तब अनु मलिक ने उनके साथ गलत हरकत की थी. तब गीतकार समीर ने अनु मलिक का बचाव किया था और इस घटना से इनकार किया था.
अनु मलिक ने आरोपों से किया था इनकार
अनु मलिक पर सोना महापात्रा और नेहा भसीन ने भी गलत व्यवहार करने के आरोप लगाए थे, जबकि गायिका हेमा सरदेसाई ने उनका बचाव किया. हालांकि, अनु मलिक ने सभी आरोपों से इनकार किया, लेकिन जनता के भारी विरोध के चलते उन्हें ‘इंडियन आइडल’ सीजन 10 में जज की भूमिका छोड़नी पड़ी थी. अलीशा चिनॉय ने 1990 के दशक में अनु मलिक पर छेड़छाड़ का केस किया था, उन्होंने भी इन नए आरोपों का समर्थन किया.
छोड़ना पड़ा था ‘इंडियन आइडल’ सीजन 11
साल 2019 में अनु मलिक थोड़े समय के लिए ‘इंडियन आइडल’ सीजन 11 में फिर से जज के रूप में लौटे, लेकिन काम पर ध्यान न दे पाने का हवाला देते हुए उन्होंने दोबारा शो छोड़ दिया. 17 जनवरी 2020 को राष्ट्रीय महिला आयोग (NCW) ने यह मामला सबूतों की कमी के कारण बंद कर दिया, लेकिन यह भी कहा कि अगर कोई नया सबूत सामने आता है, तो केस को दोबारा खोला जा सकता है.