दुद्धी/सोनभद्र/एबीएन न्यूज। दुद्धी विकासखंड परिसर में राष्ट्रीय ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत जीपीडीपी (ग्राम पंचायत विकास योजना), डीपीडीपी (जिला पंचायत विकास योजना) एवं बीपीडीपी (ब्लॉक पंचायत विकास योजना) विषयों पर एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। प्रशिक्षण में ग्राम प्रधान, पंचायत सहायक, ग्राम पंचायत सचिव एवं अन्य पंचायत प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।
प्रशिक्षण के दौरान मास्टर ट्रेनरों ने ग्राम स्तर पर योजनाबद्ध विकास की रूपरेखा, संसाधनों के समुचित उपयोग, स्थानीय आवश्यकताओं की पहचान तथा ग्राम की आय बढ़ाने के व्यावहारिक उपायों पर विस्तार से जानकारी दी। प्रतिभागियों को बताया गया कि किस प्रकार ग्राम पंचायत विकास योजना के माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वच्छता, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देकर गांव का समग्र विकास किया जा सकता है।
मास्टर ट्रेनर संजू कुशवाहा एवं विकास शर्मा ने योजनाओं के निर्माण की प्रक्रिया, डेटा संकलन, ग्राम सभा की भूमिका तथा पारदर्शिता एवं जनभागीदारी के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में भास्कर प्रसाद, खंड सहायक अधिकारी आशुतोष श्रीवास्तव, ग्राम पंचायत अधिकारी सुनील श्रीवास्तव, अरुण वर्मा, अरुण यादव, अनीश सिंह, सुधीर सिंह, आशा यादव सहित विभिन्न ग्राम पंचायतों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त एजेंसी इंटीको प्राइवेट लिमिटेड के प्रतिनिधि सादिक अंसारी, गुलशन पटेल, अजय मौर्या, सूर्यकांत, विवेक मिश्रा एवं दिवाकर मिश्रा भी प्रशिक्षण कार्यक्रम में शामिल हुए। प्रशिक्षण सत्र में प्रतिभागियों को विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन, वित्तीय प्रबंधन एवं निगरानी तंत्र के बारे में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का उद्देश्य पंचायत प्रतिनिधियों की क्षमता वृद्धि कर ग्राम स्तर पर योजनाओं को अधिक प्रभावी, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाना रहा। प्रशिक्षण के अंत में प्रतिभागियों ने ग्राम विकास को गति देने के लिए सामूहिक प्रयास का संकल्प लिया।
![]()












