गोरखपुर/एबीएन न्यूज। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पूरे देश में 13 से 15 अगस्त, 2025 तक चल रहे ‘हर घर तिरंगा’ अभियान में पूर्वोत्तर रेलवे भी पूरे उत्साह के साथ शामिल हो गया है। इस वृहद राष्ट्रीय अभियान का उद्देश्य लोगों में देशभक्ति की भावना जागृत करना और स्वतंत्रता संग्राम में सर्वोच्च बलिदान देने वाले महान सपूतों को सच्ची श्रद्धांजलि अर्पित करना है।
अभियान के तहत देशवासी अपने-अपने घरों पर तिरंगा फहराकर स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान व्यक्त करेंगे। इस जनभागीदारी में पूर्वोत्तर रेलवे के सभी रेलकर्मी भी सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं और अपने घरों पर तिरंगा फहरा रहे हैं।
रेलवे प्रशासन ने गोरखपुर सहित प्रमुख स्टेशनों को आकर्षक ढंग से तिरंगे प्रकाश से सजाने की योजना बनाई है। रेलवे मुख्यालय और सभी तीनों मंडल कार्यालयों को भी तिरंगे लाइट से प्रकाशमान किया जाएगा, जिनकी रात्रिकालीन छटा अद्भुत नजारा पेश करेगी।
यात्रियों और स्थानीय लोगों को इस अभियान से जोड़ने के लिए विभिन्न स्टेशनों पर उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से जानकारी दी जा रही है। साथ ही, रेलवे अधिकारी और कर्मचारी तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर www.harghartiranga.com पर अपलोड कर रहे हैं, जिससे अभियान का संदेश और भी व्यापक स्तर तक पहुंच रहा है।
![]()













